RJD की कमान संभालने की चर्चा पर रोहिणी आचार्य ने दिया जवाब, बोलीं- मॉर्निंग वॉक से. ..

पटना: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने पार्टी की कमान संभालने को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं पर प्रतिक्रिया दी है। एक न्यूज़ चैनल से बातचीत में रोहिणी ने साफ कहा कि फिलहाल उनका पूरा ध्यान अपने माता-पिता की सेवा और पिता लालू प्रसाद यादव की देखभाल पर है।

रोहिणी आचार्य ने बताया कि वह अपने पिता के साथ काफी समय बिता रही हैं। उन्होंने कहा कि सुबह की सैर से लेकर रात के डिनर तक वह लालू यादव के साथ रहती हैं।

पिता की देखभाल के लिए वापस आईं रोहिणी

रोहिणी आचार्य ने एक न्यूज़ चैनल से बातचीत में बताया कि वह काफी समय से बिहार आने का कार्यक्रम बना रही थीं, लेकिन समय नहीं मिल पा रहा था। उन्होंने कहा, “बहुत दिन से प्रोग्राम था, मुझे समय नहीं मिल पा रहा था, पहले दिन से पापा आने के लिए बोल रहे थे। जैसे ही मुझे टाइम मिला फिर मैं यहां आई, पापा की हेल्थ के लिए आई, पापा की देखभाल करने के लिए आई।”

उन्होंने अपने पिता के साथ बिताए जा रहे समय को लेकर भी बात की। रोहिणी ने कहा, “बहुत बढ़िया समय पापा के साथ बीत रहा है। 24 घंटा डेडीकेटेड टू पापा। पापा के साथ ही मैं रहती हूं, मॉर्निंग वॉक से लेकर डिनर तक।”

RJD की कमान संभालने की चर्चा पर क्या बोलीं?

सोशल मीडिया पर रोहिणी आचार्य के RJD की कमान संभालने की चर्चाओं को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने इसे खारिज किया। रोहिणी ने कहा, “ऐसी कोई बात नहीं है, मैं पापा के लिए आयी हूं, लोग तो बोलने के लिए कुछ भी बोलते हैं लेकिन मैंने जैसे ट्वीट भी किए, उस पर आज भी कायम हूं।”

उन्होंने कहा कि फिलहाल उनका उद्देश्य राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाना नहीं, बल्कि माता-पिता की सेवा करना है।

आगे राजनीति में आएंगी रोहिणी?

जब रोहिणी आचार्य से पूछा गया कि क्या वह भविष्य में राजनीति में आएंगी, तो उन्होंने कहा, “अभी बहुत लंबी उम्र है मेरी, मां बाप का आशीर्वाद चाहिए, सबसे बड़ी बात तो यही है कि मैं माता-पिता की सेवा करने आई हूं, उनकी सेवा उनकी हेल्थ से ज्यादा मेरी लाइफ में कोई प्राथमिकता नहीं है, जैसा मैंने ट्वीट भी किया, मैं आई हूं, अपने माता-पिता की सेवा करने के लिए। आगे चलकर क्या होगा, वह मैं कैसे बता सकती हूं, अभी मैं क्या कर रही हूं, वह मैं बता सकती हूं।”

रोहिणी ने सोशल मीडिया पर अपनी सक्रियता को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा, “सोशल मीडिया पर एक्टिव रहना गलत बात नहीं है। कोई भी इंडियन कहीं रहे, अपने देश के लिए, अपने घर वालों के लिए, हमेशा चिंतित रहेंगे। हम चाहते हैं कि हमारा बिहार विकसित हो। पॉलिटिकल कोई कमेंट नहीं करना चाहती, इन सब के लिए टाइम आएगा, जब हम बात करेंगे, आराम से बात करेंगे। दिल्ली मे चल रहे प्रदर्शन को मेरा हंड्रेड परसेंट सपोर्ट है, मेरी तरफ से उनको हंड्रेड परसेंट सपोर्ट है।”

RJD की प्रत्याशी सूची के बाद भी चर्चा में आई थीं रोहिणी

इससे पहले RJD की छह प्रत्याशियों की सूची सामने आने के बाद रोहिणी आचार्य सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में आई थीं। उस दौरान उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए कई गंभीर आरोप लगाए थे। अब एक बार फिर RJD की कमान संभालने की सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं को लेकर उनका बयान सामने आया है।

फिलहाल रोहिणी आचार्य ने स्पष्ट किया है कि बिहार लौटने का उनका मौजूदा उद्देश्य अपने माता-पिता की सेवा करना और पिता लालू प्रसाद यादव की देखभाल करना है। राजनीति में उनकी आगे की भूमिका को लेकर उन्होंने कहा कि भविष्य के बारे में अभी कुछ कहना संभव नहीं है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha