
अमरावती। आंध्र प्रदेश पुलिस ने पाकिस्तान के लिए कथित तौर पर जासूसी करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में विशाखापत्तनम नेवी बेस का एक कर्मचारी और नेवी अधिकारियों के लिए काम करने वाला एक कॉन्ट्रैक्ट ड्राइवर शामिल है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में कुल 18 संदिग्धों की जांच की जा रही है, जिनमें 13 नेवी से जुड़े कर्मचारी हैं।
आंध्र प्रदेश पुलिस विभाग की ओर से मंगलवार को जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, काउंटर इंटेलिजेंस (CI) सेल को कुछ लोगों के पाकिस्तान के इंटेलिजेंस ऑपरेटिव्स (PIOs) के सीधे संपर्क में होने की जानकारी मिली थी। पुलिस का दावा है कि ये लोग ऐसी गतिविधियों में शामिल थे, जिनसे भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा पैदा हो सकता था।
नेवी कर्मचारी समेत दो लोगों की गिरफ्तारी
पुलिस ने विशाखापत्तनम नेवी बेस के कर्मचारी प्रदीप मुखर्जी और विशाखापत्तनम में नेवी अधिकारियों के लिए काम करने वाले कॉन्ट्रैक्ट ड्राइवर अन्नम साई वरप्रसाद को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के बयान के मुताबिक, शुरुआती जांच में दोनों की भूमिका सामने आने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। वहीं, बाकी संदिग्धों से जुड़े मामले में जांच अभी जारी है।
प्रदीप मुखर्जी को हाल ही में तमिलनाडु के कोयंबटूर से गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उन्हें विजयवाड़ा की अदालत में पेश किया गया, जहां से 14 अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वह फिलहाल विजयवाड़ा जिला जेल में बंद हैं। अन्नम साई वरप्रसाद को भी अदालत ने 14 अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा है और वह भी विजयवाड़ा जिला जेल में हैं।
18 संदिग्धों में 13 नेवी कर्मचारी
पुलिस के अनुसार, इस मामले में कुल 18 संदिग्धों की जांच की जा रही है। इनमें 13 लोग नेवी से जुड़े कर्मचारी बताए गए हैं। पुलिस को संदेह है कि इन लोगों के पाकिस्तान के इंटेलिजेंस ऑपरेटिव्स से संपर्क हो सकते हैं।
काउंटर इंटेलिजेंस सेल ने संदिग्धों की गतिविधियों की जांच के लिए 10 राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय किया है। पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन फायरवॉल-2026’ के तहत की जा रही है।
संवेदनशील जानकारी साझा करने का आरोप
पुलिस का आरोप है कि अन्नम साई वरप्रसाद और प्रदीप मुखर्जी ने पाकिस्तानी ऑपरेटिव्स के साथ संवेदनशील जानकारी साझा की थी। जांच एजेंसियों के मुताबिक, संदिग्धों ने एन्क्रिप्टेड कम्युनिकेशन चैनलों के जरिए विशाखापत्तनम और देश के अन्य हिस्सों से जुड़ी जानकारी साझा की।
पुलिस ने रक्षा प्रतिष्ठानों और रणनीतिक महत्व वाली जगहों से संबंधित संवेदनशील एवं गोपनीय जानकारी साझा किए जाने की आशंका को देखते हुए जांच का दायरा बढ़ाया है।
इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स किए गए जब्त
काउंटर इंटेलिजेंस सेल ने जांच के दौरान संदिग्धों से जुड़े इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स भी जब्त किए हैं। इन उपकरणों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि बाकी संदिग्धों की भूमिका की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।














