सोनी हत्याकांड: फिरोजाबाद में 25 हजार का इनामी जेठ मुठभेड़ में गिरफ्तार, पुलिस पर फायरिंग के बाद पैर में लगी गोली

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के नगला खंगर थाना क्षेत्र में चर्चित सोनी हत्याकांड के मुख्य आरोपी नेपाल सिंह को पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी ने घिरने पर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लेकर इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी ने इस मुठभेड़ की आधिकारिक पुष्टि की है।

2 अक्टूबर को खेत में कुल्हाड़ी से काटकर की थी छोटे भाई की पत्नी की हत्या

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गत 2 अक्टूबर को कोरारी खेड़ा गांव में आरोपी नेपाल सिंह ने अपने ही सगे छोटे भाई संदीप की पत्नी सोनी की खेत पर कुल्हाड़ी से वार कर निर्मम हत्या कर दी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद से ही आरोपी लगातार फरार चल रहा था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।

चेकिंग के दौरान घेराबंदी: तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद

बुधवार को नगला खंगर पुलिस टीम भदान चौराहे के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह बाइक मोड़कर तेजी से भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए वायरलेस के जरिए बिरई अंडरपास सर्विस रोड पर दूसरी टीम को अलर्ट किया। दोनों तरफ से घिर जाने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर 315 बोर के तमंचे से गोलियां चलाना शुरू कर दिया। जवाबी फायरिंग में आरोपी घायल हो गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक स्प्लेंडर बाइक और 560 रुपये नकद बरामद हुए हैं।

पहले से दर्ज हैं संगीन मुकदमे, आर्म्स एक्ट के तहत नई कार्रवाई शुरू

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी नेपाल सिंह का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2021 में भी नगला खंगर थाने में हत्या के प्रयास समेत कई अन्य संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। सोनी हत्याकांड के साथ-साथ अब पुलिस पर जानलेवा हमला करने और अवैध असलहा रखने के जुर्म में उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत नया मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha