
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एलाऊ थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस और शातिर चेन स्नेचर के बीच हुई मुठभेड़ के बाद जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. इस दौरान पुलिस टीम का एक दरोगा भी घायल हुआ है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान इटावा जिले के जसवंतनगर निवासी अबरार के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा, बाइक और 16 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं.
3 अक्टूबर को महिला से छीनी थी सोने की चेन, CCTV में कैद हुई थी वारदात

घटनाक्रम के अनुसार, बीते 3 अक्टूबर को सदर कोतवाली क्षेत्र के कृष्णा नगर में पल्सर बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन छीन ली थी. दिनदहाड़े हुई इस वारदात का पूरा वीडियो वहां लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गया था. इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों में काफी रोष था. एसपी मैनपुरी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटना के जल्द खुलासे और लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन विशेष टीमों का गठन किया था.
चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़, दरोगा भी हुआ घायल
एलाऊ थाना क्षेत्र में चेकिंग अभियान के दौरान संदिग्ध बाइक सवार को आता देख पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया. खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी. बदमाश की गोली से एक दरोगा भी घायल हो गया. इसके बाद पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में बदमाश अबरार के पैर में गोली लग गई, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा और पुलिस ने उसे दबोच लिया.
बाकी साथियों की तलाश जारी, पुलिस कर रही पड़ताल
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार अबरार एक पेशेवर अपराधी है. पुलिस अब उसके अन्य फरार साथियों के ठिकानों पर दबिश दे रही है और छीनी गई सोने की चेन की बरामदगी समेत लूट की अन्य घटनाओं में उसकी संलिप्तता की गहन जांच कर रही है. घायल दरोगा और आरोपी बदमाश दोनों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.













