लखनऊ। दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को लेकर उत्तर प्रदेश में भी व्यापक सुरक्षा अलर्ट जारी कर दिया गया है। सीमावर्ती इलाकों और राज्य भर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय ने सभी जिला पुलिस कप्तानों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके साथ ही, दिल्ली पुलिस के सहयोग और सुरक्षा चक्र को मजबूत करने के लिए यूपी के 20 जिलों से करीब 500 महिला पुलिसकर्मियों की विशेष टुकड़ी को तत्काल प्रभाव से दिल्ली भेजा गया है।
पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, राज्य में किसी भी प्रकार से अराजकता या अशांति फैलाने की कोशिश करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के जरिए अफवाहों और भड़काऊ सामग्री के प्रसार को रोकने के लिए सोशल मीडिया की चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है। सुरक्षा के लिहाज से मेरठ, बुलंदशहर, बागपत, हापुड़, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, अलीगढ़, एटा, हाथरस, कासगंज, मुरादाबाद, बिजनौर, रामपुर, अमरोहा, संभल और बरेली जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मियों को दिल्ली सीमा और रणनीतिक स्थलों पर मुस्तैद किया गया है।
लखनऊ मेल, तेजस और एसी एक्सप्रेस रद्द, रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित
सीजेपी के इस आंदोलन का व्यापक असर उत्तर प्रदेश से दिल्ली जाने वाली रेल सेवाओं पर भी पड़ा है। सुरक्षा इंतजामों और नई दिल्ली व हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों के आसपास यातायात नियंत्रण का हवाला देते हुए रेलवे प्रशासन ने कई वीआईपी और प्रीमियम ट्रेनों को निरस्त कर दिया है। निरस्त की गई गाड़ियों में देश की पहली कॉर्पोरेट ट्रेन तेजस एक्सप्रेस, लखनऊ मेल और नई दिल्ली एसी एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं, जिससे दिल्ली जाने वाले हजारों यात्रियों को एन मौके पर भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) समर्थ गुप्ता ने बताया कि लखनऊ से नई दिल्ली जाने वाली 12229 लखनऊ मेल और 12429 एसी एक्सप्रेस को शुक्रवार को निरस्त रखा गया। इसके साथ ही 82501/82502 लखनऊ-नई दिल्ली तेजस एक्सप्रेस का परिचालन भी रोक दिया गया है।
पूर्वोत्तर रेलवे की ट्रेनें भी निरस्त, शनिवार को भी पहिये रहेंगे जाम
पूर्वोत्तर रेलवे (NER) की ओर से भी आधा दर्जन से अधिक ट्रेनों के निरस्तीकरण का आधिकारिक बुलेटिन जारी किया गया है। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) सुमित कुमार ने जानकारी दी कि शुक्रवार को 12559 बनारस-नई दिल्ली एक्सप्रेस और 12581 बनारस-नई दिल्ली एक्सप्रेस का संचालन बंद रहा।
वहीं शनिवार को नई दिल्ली से चलने वाली 12560 नई दिल्ली-बनारस एक्सप्रेस, 12582 नई दिल्ली-बनारस एक्सप्रेस, 15303 कासगंज-नई दिल्ली एक्सप्रेस तथा दोनों दिशाओं की तेजस एक्सप्रेस (82501/82502) पूरी तरह निरस्त रहेंगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेनों की अद्यतन स्थिति जांचने की अपील की है।


















