उड़ती कार या रॉकेट का अवतार? टेस्ला रोडस्टर ने हवा में लगाई छलांग, 0.81 सेकंड में पकड़ी 100 की रफ्तार; जानें कीमत और बुकिंग डिटेल

अमेरिकी राज्य टेक्सास में इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी टेस्ला ने अपने एक विशेष इवेंट के दौरान नेक्स्ट-जेनरेशन रोडस्टर के ऐसे हैरतअंगेज कारनामे पेश किए जिसने ऑटो जगत को स्तब्ध कर दिया है। इवेंट के दौरान कार ने जमीन से हवा में ऊंची छलांग लगाई, आसमान में गुलाटी (बैरल रोल) मारी और सेमी-ट्रक के ऊपर से छलांग लगाकर चारों पहियों पर रॉकेट जैसी संतुलित लैंडिंग की। हॉलीवुड एक्शन फिल्म के दृश्य जैसे प्रतीत होने वाले इन स्टंट्स के साथ कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एलन मस्क ने इस इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्स कार के साथ स्पीड और टेक्नोलॉजी की एक अभूतपूर्व तस्वीर दुनिया के सामने पेश की है। कंपनी का दावा है कि यह सुपरकार महज 0.81 सेकंड में शून्य से 100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ने में सक्षम है।

तीन अलग-अलग ट्रिम्स में पेश होगी टेस्ला रोडस्टर

कंपनी की आधिकारिक रिजर्वेशन लिस्टिंग के अनुसार, नई रोडस्टर को तीन अलग-अलग वेरिएंट्स में बाजार में उतारा जाएगा। इनमें शुरुआती ट्रिम ‘परफॉर्मेंस’, मध्यम ट्रिम ‘थ्रस्ट’ और शीर्ष मॉडल ‘रॉकेट’ वेरिएंट शामिल हैं। शुरुआती ‘परफॉर्मेंस’ वेरिएंट में पारंपरिक इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्स तकनीक मिलेगी, जबकि ‘थ्रस्ट’ वेरिएंट में रियर एक्सेलेरेशन बूस्टर शामिल किए गए हैं। वहीं, सबसे बहुचर्चित ‘रॉकेट’ वेरिएंट को कंप्रेस्ड गैस पर चलने वाले 10 स्पेशल स्पेसएक्स थ्रस्टर्स और पूरे फ्लाइट सिस्टम से लैस किया गया है। इसमें मौजूद इन-बिल्ट कंप्रेसर सिस्टम को जरूरत के मुताबिक दोबारा चार्ज करने के लिए डिजाइन किए गए हैं।

देखे VIDEO 

https://x.com/Tesla/status/2110913438293647789?ref_src=twsrc%5Etfw%7Ctwcamp%5Etweetembed%7Ctwterm%5E2110913438293647789%7Ctwgr%5E%7Ctwcon%5Es1_&ref_url=

इनवर्टेड ड्राइविंग और 2G डाउनफोर्स तकनीक

नई रोडस्टर सिर्फ हवाई करतबों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके तीनों वेरिएंट्स में पंखे से संचालित होने वाला विशेष सक्शन सिस्टम दिया जा रहा है। यह तकनीक कार को सतह की ओर खींचकर 2G तक का डाउनफोर्स उत्पन्न करती है। इस अत्यधिक डाउनफोर्स की मदद से सुपर-स्पीड पर भी कार की ग्रिप और स्टेबिलिटी अभूतपूर्व बनी रहती है। इवेंट के दौरान इस तकनीक के दम पर कार को रैंप पर उल्टा (इनवर्टेड) चलते हुए भी प्रदर्शित किया गया।

बुकिंग राशि और भारत में उपलब्धता

वैश्विक स्तर पर ‘परफॉर्मेंस’ वेरिएंट के लिए 50,000 अमेरिकी डॉलर और ‘थ्रस्ट’ वेरिएंट के लिए 2,50,000 अमेरिकी डॉलर की बुकिंग राशि तय की गई है। सबसे खास ‘रॉकेट’ वेरिएंट केवल आमंत्रण (इन्वाइट-ओनली) पर कुछ चुनिंदा ग्राहकों के लिए आरक्षित रहेगा और यह एक सिंगल-सीटर मॉडल होगा। भारतीय ग्राहकों के लिए भी बुकिंग विंडो खुली है, जहां ‘परफॉर्मेंस’ मॉडल के लिए शुरुआती बुकिंग राशि 5,01,000 रुपये तथा 10 दिनों के भीतर देय राशि 45,05,000 रुपये रखी गई है। वहीं, ‘थ्रस्ट’ वेरिएंट के लिए शुरुआती 5,01,000 रुपये के बाद अगले 10 दिनों में 2,45,24,000 रुपये का भुगतान करना होगा।

सुरक्षा मानक और पब्लिक रोड लीगल होने की चुनौतियां

कार में थ्रस्टर्स और सक्शन सिस्टम का उपयोग जितना रोमांचक है, आम सड़कों पर इसके संचालन को लेकर कानूनी और सुरक्षा नियम उतने ही सख्त हैं। तेज गति, कंप्रेस्ड थ्रस्टर्स का शोर और सार्वजनिक सड़कों पर सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर टेस्ला ने अब तक कोई अंतिम नियामकीय रिपोर्ट साझा नहीं की है। इवेंट में प्रदर्शित किए गए सभी हवाई स्टंट प्रोडक्शन मॉडल में सामान्य ग्राहकों के लिए उपलब्ध होंगे या नहीं, यह भी तकनीकी और कानूनी स्वीकृतियों पर निर्भर करेगा।

लंबा इंतजार और 2028 डिलीवरी टाइमलाइन

टेस्ला ने अपनी दूसरी पीढ़ी की रोडस्टर को सबसे पहले वर्ष 2017 में दुनिया के सामने पेश किया था और 2020 तक डिलीवरी शुरू करने का लक्ष्य रखा था। लगभग एक दशक के लंबे अंतराल के बाद अब कंपनी ने इसके उत्पादन और डिलीवरी के लिए वर्ष 2028 की नई समयसीमा तय की है। इससे पूर्व कंपनी 2008 से 2012 के बीच लोटस एलिस के प्लेटफॉर्म पर पहली पीढ़ी की रोडस्टर बना चुकी है। स्पेसएक्स की एयरोस्पेस तकनीक से लैस इस नई रोडस्टर की डिलीवरी में पहले भी कई बार देरी हो चुकी है, जिसके चलते ऑटोमोबाइल विशेषज्ञ 2028 के लक्ष्य को लेकर भी सतर्क रुख अपनाए हुए हैं।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha