प्यार, इंस्टाग्राम और डेढ़ करोड़ का फरेब: दरभंगा के इंजीनियर से शेयर बाजार में निवेश के नाम पर ठगी, कभी नहीं की वीडियो कॉल

दरभंगा। बिहार के दरभंगा जिले से साइबर ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां इंस्टाग्राम के जरिए प्यार और शादी के जाल में फंसाकर एक इंजीनियर से डेढ़ करोड़ रुपये की ठगी कर ली गई। ठग ने खुद को लड़की बताकर तीन महीने तक इस पूरी वारदात को अंजाम दिया और शेयर बाजार (Stock Market) में निवेश का झांसा देकर इंजीनियर की गाढ़ी कमाई हड़प ली। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज कराई है।

पुलिस को दी गई लिखित शिकायत के मुताबिक, पीड़ित इंजीनियर दीपक कुमार दरभंगा जिले के बहेड़ा थाना क्षेत्र के नवादा गांव के रहने वाले हैं। करीब तीन महीने पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से उनकी पहचान एक लड़की से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई, जो बाद में दोस्ती और फिर प्यार में बदल गई। आरोपी लड़की ने इंजीनियर को शादी का झांसा दिया और एक बेहतर व सुनहरे भविष्य का सपना दिखाकर अपने जाल में पूरी तरह उलझा लिया।

3 महीने तक चला ठगी का खतरनाक खेल

पीड़ित दीपक कुमार ने पुलिस को बताया कि यह पूरा धोखाधड़ी का खेल महज तीन महीने तक चला। इस दौरान शातिर युवती ने शेयर बाजार में बंपर मुनाफे का लालच देकर उनसे अलग-अलग 30 बैंक खातों में कुल डेढ़ करोड़ रुपये ट्रांसफर करवा लिए।

खास बात यह है कि तीन महीने तक लगातार संपर्क में रहने और शादी के सपने दिखाने के बावजूद उस लड़की ने कभी भी वीडियो कॉल पर बात नहीं की। वह हमेशा ऑडियो कॉल के जरिए ही इंजीनियर से बात करती थी, ताकि उसकी असली पहचान सामने न आ सके।

पैसे वापस मांगने पर हुआ ठगी का अहसास

इंजीनियर को ठगी का शक तब हुआ जब उन्हें पैसों की सख्त जरूरत पड़ी और उन्होंने अपनी जमा की गई पूरी रकम वापस मांगी। इस पर युवती ने बहाना बनाते हुए कहा कि वर्तमान में सिस्टम में मेंटेनेंस का काम चल रहा है, इसलिए पैसे मिलने में दो से तीन दिन का वक्त लगेगा।

तय समय बीतने के बाद जब दीपक ने दोबारा अपने पैसे ट्रांसफर करने के लिए कहा, तो युवती ने एक अजीब शर्त रख दी। उसने कहा कि जमा राशि को वापस पाने के लिए पहले 25 प्रतिशत अतिरिक्त रकम चुकानी होगी। इस शर्त के सामने आते ही दीपक के पैरों तले जमीन खिसक गई और उन्हें समझ आ गया कि वे एक बड़े साइबर फ्रॉड का शिकार हो चुके हैं। इसके बाद उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस थाने में पहुंचकर पूरे मामले की आधिकारिक तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस अब आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha