बॉलीवुड एक्टर आयुष्मान खुराना को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर मिली धमकी, करोड़ों की रंगदारी मांगने वाला ऑडियो मैसेज आया सामने

मुंबई। बॉलीवुड इंडस्ट्री से एक बार फिर सनसनीखेज मामला सामने आया है। मशहूर अभिनेता आयुष्मान खुराना को जान से मारने की धमकी और करोड़ों रुपये की रंगदारी मिलने का मामला तूल पकड़ रहा है। सूत्रों के मुताबिक, अभिनेता को एक धमकी भरा ऑडियो मैसेज मिला है, जिसमें फोन करने वाले ने खुद को कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा होने का दावा किया है। हालांकि, शुरुआती जांच में पुलिस को यह मामला फर्जी प्रतीत हो रहा है, फिर भी एहतियात के तौर पर पुलिस ने हर एंगल से मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अब इस धमकी भरे ऑडियो क्लिप की आवाज का मिलान पुलिस रिकॉर्ड में पहले से मौजूद उसी नाम के एक आरोपी के वॉयस सैंपल से करवा रही है। वैज्ञानिक जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही यह पूरी तरह साफ हो पाएगा कि आयुष्मान खुराना को वास्तव में लॉरेंस गैंग से ही धमकी मिली है या फिर यह किसी शरारती तत्व की करतूत है।

तुषार कपूर को भी मिला था ‘हैरी बॉक्सर’ के नाम से ऑडियो

आपको बता दें कि हाल ही में बॉलीवुड अभिनेता तुषार कपूर को भी इसी तरह का एक धमकी भरा ऑडियो मैसेज मिला था। मैसेज भेजने वाले ने अपनी पहचान कथित तौर पर ‘हैरी बॉक्सर’ के रूप में बताई थी। हालांकि, जब मुंबई पुलिस ने उस ऑडियो की तकनीकी जांच की, तो तुषार को धमकी देने वाले की आवाज और पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज ‘हैरी बॉक्सर’ के वॉयस सैंपल आपस में मैच नहीं हुए।

इस खुलासे के बाद पुलिस इस संभावना पर भी गहराई से काम कर रही है कि क्या किसी ने ‘हैरी बॉक्सर’ के नाम का इस्तेमाल कर फर्जी तरीके से धमकी दी थी। इसी तरह अब आयुष्मान खुराना के मामले में भी पुलिस हर तकनीकी पहलू को खंगालने में जुट गई है।

टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बढ़ी चिंताएं

गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में बॉलीवुड सेलिब्रिटीज पर मंडराते खतरों में इजाफा हुआ है। बीते 18 अक्टूबर की शाम बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना सामने आई थी। उस बड़ी घटना के बाद से ही फिल्म इंडस्ट्री के कलाकारों को लगातार धमकियां मिलने के मामले एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। पहले टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग, फिर तुषार कपूर को धमकी और अब आयुष्मान खुराना को धमकी मिलने से बॉलीवुड गलियारों में हड़कंप मच गया है।

मुंबई पुलिस जल्द करेगी सितारों की सुरक्षा की समीक्षा

इन लगातार सामने आ रही वारदातों और धमकियों के मद्देनजर मुंबई पुलिस काफी सतर्क हो गई है। ऐसी पुख्ता जानकारी मिल रही है कि मुंबई पुलिस जल्द ही बॉलीवुड के उन तमाम सेलिब्रिटीज की सुरक्षा का कड़ा रिव्यू करने वाली है, जिन्हें लॉरेंस बिश्नोई या अन्य किसी आपराधिक गिरोह से संभावित खतरा हो सकता है। दिवाली से पहले होने वाली इस उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक में यह तय किया जाएगा कि किन-किन कलाकारों को सुरक्षा मुहैया करानी है और किसे किस स्तर की सुरक्षा बढ़ाई जानी चाहिए।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha