पंजाब में कर्मभूमि एक्सप्रेस के 4 डिब्बों में लगी आग, यात्रियों में मची अफरा-तफरी; समय रहते रोकी गई ट्रेन

पंजाब के पटियाला जिले में राजपुरा के पास कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार डिब्बों में आग लग गई। घटना सराय बंजारा और बसंतपुरा रेलवे स्टेशन के नजदीक हुई। आग की सूचना मिलते ही ट्रेन को रोक दिया गया। डिब्बों से धुआं और लपटें निकलती देख यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री जान बचाने के लिए ट्रेन से नीचे उतर आए।

यह ट्रेन अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इंजन से पांचवें डिब्बे में आग लगने की सूचना मिली थी, जो बाद में आसपास के डिब्बों तक फैल गई। घटना के बाद रेलवे अधिकारी और आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया।

सेफ्टी सिस्टम एक्टिवेट होने पर रुकी ट्रेन

नॉर्दर्न रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि सराय बंजारा स्टेशन के पास ट्रेन का सेफ्टी सिस्टम एक्टिवेट हो गया था, जिसके बाद ट्रेन सुरक्षित रूप से रुक गई। उन्होंने कहा कि आग बुझाने का काम जारी है और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, अभी तक किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, शुरुआती खबरों में कुछ यात्रियों के घायल होने की आशंका जताई गई थी, लेकिन रेलवे की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

कर्मभूमि एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 12508 अमृतसर और न्यू जलपाईगुड़ी के बीच चलती है। सूत्रों के अनुसार, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है। हालांकि, रेलवे ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

बताया गया कि अमृतसर से रवाना हुई ट्रेन बसंतपुरा रेलवे स्टेशन के पास आग की चपेट में आई। यह स्थान राजपुरा से करीब 15 किलोमीटर दूर है। घटना के बाद इलाके में धुएं का गुबार दिखाई दिया। यात्रियों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और कई लोग अपना सामान छोड़कर ट्रेन से बाहर निकल आए।

DRM समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे

अंबाला रेलवे डिवीजन के पीआरओ नीरज ने घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक (DRM) विनोद कुमार भाटिया भी मौके पर पहुंच गए हैं। रेलवे की टीमें आग बुझाने और स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी हैं।

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। रेलवे की ओर से घटना की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha