अयोध्या दीपोत्सव के लिए प्रशासन मुस्तैद: उपराष्ट्रपति और सीएम योगी के दौरे को लेकर अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी, चप्पे-चप्पे पर पहरा

अयोध्या में दीपोत्सव के प्रमुख आयोजनों को व्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपराष्ट्रपति के आगमन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रमों को देखते हुए एयरपोर्ट से लेकर श्रीरामजन्मभूमि परिसर, नया घाट, रामकथा पार्क और राम की पैड़ी तक अधिकारियों की तैनाती की गई है।

5 नवंबर को जारी संशोधित आदेश में आयोजन स्थलों, शोभायात्रा, अतिथि दीर्घाओं और यातायात व्यवस्था की निगरानी के लिए अलग-अलग मजिस्ट्रेट और अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासन का जोर श्रद्धालुओं और विशिष्ट अतिथियों की सुविधा के साथ सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने पर है।

रामकथा पार्क की जिम्मेदारी CDO कृष्ण कुमार सिंह को

रामकथा पार्क में दीपोत्सव के मुख्य आयोजन की संपूर्ण व्यवस्था मुख्य विकास अधिकारी (CDO) कृष्ण कुमार सिंह संभालेंगे। यहां मंच, विशिष्ट अतिथि दीर्घा, संत समाज के बैठने की व्यवस्था और मीडिया गैलरी के लिए अलग-अलग अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है।

वहीं, राम की पैड़ी पर आयोजन की निगरानी अपर जिलाधिकारी अमित कुमार भट्ट करेंगे। यहां मुख्यमंत्री के मंच, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, संत समाज की दीर्घा और अतिथियों के बैठने की व्यवस्था के लिए अलग-अलग अधिकारियों की तैनाती की गई है।

दीप प्रज्ज्वलन से संबंधित सभी व्यवस्थाओं का नेतृत्व अपर जिलाधिकारी नगर एवं मेलाधिकारी दिनेश करेंगे।

एयरपोर्ट से रामजन्मभूमि तक अतिथियों के आवागमन की व्यवस्था

विशिष्ट अतिथियों के आगमन, प्रस्थान और कार्यक्रम स्थलों तक पहुंचने के लिए भी अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। एयरपोर्ट पर अपर जिलाधिकारी कौशल कुमार अतिथियों के आगमन और प्रस्थान की व्यवस्था संभालेंगे।

अपर नगर आयुक्त भारत और डिप्टी कलेक्टर गजेंद्र सिंह एयरपोर्ट से नया घाट होते हुए श्रीरामजन्मभूमि परिसर तक मार्ग व्यवस्था और शांति व्यवस्था की निगरानी करेंगे।

इसके अलावा, साकेत महाविद्यालय बंधा तिराहे से रामकथा पार्क तक निकलने वाली शोभायात्रा की जिम्मेदारी मुख्य राजस्व अधिकारी गजेंद्र कुमार को दी गई है। उनके साथ जिला पूर्ति अधिकारी बृजेश कुमार मिश्र, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मोहन त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी यात्रा के अलग-अलग हिस्सों की व्यवस्था संभालेंगे।

सरयू आरती स्थल और यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी

दीपोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी को देखते हुए यातायात, पार्किंग, बैरिकेडिंग और आवागमन की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। राम की पैड़ी, सरयू आरती स्थल और प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

नया घाट स्थित सरयू आरती स्थल की संपूर्ण व्यवस्था अपर जिलाधिकारी प्रशासन विशु राजा और उप जिला मजिस्ट्रेट पवन कुमार शर्मा संभालेंगे। वहीं, पूरे शहर की यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी अपर जिलाधिकारी इंद्राकांत द्विवेदी को दी गई है।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्राथमिकता: DM

जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने कहा कि दीपोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं और अतिथियों की सुविधा तथा सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी प्रमुख आयोजन स्थलों पर अधिकारियों की जिम्मेदारियां निर्धारित कर दी गई हैं।

उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं और अतिथियों को किसी तरह की असुविधा न हो।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha