यूपी में इस जिले के डीएम निकले कोरोना पॉजिटिव, मच गया हड़कंप

उत्तर प्रदेश में बहराइच के जिलाधिकारी शम्भू कुमार कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं और फिलहाल वह होम क्वारैंटाइन में चले गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि जिलाधिकारी आवास पर तैनात बाकी सभी कर्मचारियों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। फिलहाल, जिलाधिकारी स्वयं आइसोलेशन में चले गए हैं। इस बीच बताया जा रहा है कि शनिवार को जिले में हुई बाढ़ नियंत्रण की समीक्षा बैठक में कई मंत्री और अधिकारी शामिल हुए थे।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर (सीएमओ) सुरेश सिंह ने रविवार को बताया कि सुबह जिलाधिकारी और उनके आवास तथा वहां स्थित कार्यालय के सभी कर्मियों का एंटीजन जांच कराई गई थी। रिपोर्ट में जिलाधिकारी शंभू कुमार के कोविड-19 होने की पुष्टि हुई। आरटी-पीसीआर जांच के लिए जिलाधिकारी के लार के नमूने लखनऊ भेजे गये हैं, जिसकी रिपोर्ट अभी नहीं आई है।

डीएम आवास का कराया गया है सैनिटाइजेशन
उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी आवास और कार्यालय का वृहद पैमाने पर सैनिटाइजेशन कराया जा रहा है। साथ ही उन सभी स्थानों का रोगाणु मुक्त कराया जाएगा जहां जिलाधिकारी ने पिछले एक-दो दिनों में दौरा किया है। जिलाधिकारी के संपर्क में आए लोगों की कोविड-19 जांच कराई जा रही है।

बाढ़ को लेकर हुई समीक्षा बैठक में शामिल हुए थे डीएम
जिलाधिकारी शनिवार को प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर और बलदेव सिंह औलख, सिंचाई विभाग के प्रमुख सचिव टी. वेंकटेश, विधायकों सुभाष त्रिपाठी, सुरेश्वर सिंह और सरोज सोनकर सहित जिले के तमाम वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पुलिस लाइन में हुई बाढ़ समीक्षा बैठक में शामिल हुए थे। शनिवार को ही बीएड प्रवेश परीक्षा केन्द्र के निरीक्षण हेतु परीक्षा केन्द्र का दौरा किया था।

इसके अलावा जिलाधिकारी शंभू कुमार कोरोना तथा बाढ़ की आपात परिस्थितियों के मद्देनजर लगातार अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और जनता से संपर्क में रहते हैं। दो दिन पूर्व जिलाधिकारी आवास के बाहर के हिस्से में सफाई करने वाले कर्मी के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी।

खबरें और भी हैं...