प्रयागराज में रूह कंपा देने वाली वारदात: इलेक्ट्रिक प्रेस से पत्नी के सिर पर किए 8 वार, 5 घंटे तक तड़पता देखता रहा पति

प्रयागराज। संगम नगरी के झूंसी इलाके में एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। चमनगंज बाजार में एक पति ने मामूली विवाद के बाद अपनी पत्नी की बड़ी ही बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी पति ने पहले इलेक्ट्रिक प्रेस से पत्नी के सिर पर ताबड़तोड़ 8 वार किए और फिर करीब 5 घंटे तक उसके सामने बैठकर उसे तड़प-तड़प कर मरते देखता रहा। जब पत्नी की सांसें पूरी तरह थम गईं, तब खुद ही पुलिस को फोन कर अपने जुर्म का इकबाल किया।

प्यार का खौफनाक अंत: 5 साल पहले हुई थी लव मैरिज

मिली जानकारी के अनुसार, चमनगंज निवासी हेमंत कुमार वर्मा का पंजाब के गुरदासपुर की रहने वाली स्वीटा के साथ प्रेम प्रसंग था। दोनों ने 12 नवंबर 2021 को प्रेम विवाह किया था। उनकी दो साल की एक मासूम बेटी भी है। जिसे कल तक अपनी दुनिया मानते थे, उसी के खून से हेमंत ने अपने हाथ रंग लिए। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में यह बात सामने आई है कि शादी के कुछ समय बाद से ही दोनों के रिश्तों में खटास आने लगी थी।

मां-बहन को छोड़ने का दबाव और आधी रात को खूनी संघर्ष

हेमंत ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी स्वीटा लगातार उस पर परिवार से अलग होने का दबाव बना रही थी। वह चाहती थी कि हेमंत अपनी मां और बहन को छोड़ दे। बुधवार की रात करीब 1:30 बजे इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। हेमंत का कहना है कि उसने समझाने की कोशिश की कि पिता की मौत के बाद मां और बहन की जिम्मेदारी उसी पर है, लेकिन विवाद इतना बढ़ा कि हाथापाई शुरू हो गई। गुस्से में पागल हेमंत ने पास रखी इलेक्ट्रिक प्रेस उठाई और स्वीटा के सिर पर एक के बाद एक 8 प्रहार कर दिए।

खुद पुलिस को फोन कर बोला- ‘मैंने मर्डर कर दिया है’

हत्या की यह वारदात जितनी क्रूर थी, उसके बाद का घटनाक्रम उतना ही हैरान करने वाला रहा। वारदात को अंजाम देने के बाद हेमंत भागा नहीं, बल्कि लहूलुहान हालत में जमीन पर तड़पती पत्नी के पास बैठकर उसे मरते देखता रहा। सुबह करीब 6 बजे जब उसे यकीन हो गया कि स्वीटा की मौत हो चुकी है, तब उसने 112 नंबर पर डायल कर पुलिस को सूचना दी। उसने ठंडे दिमाग से कहा, “मैंने अपनी पत्नी का मर्डर कर दिया है, लाश घर पर है।”

मौके का मंजर देख पुलिस भी रह गई दंग

सूचना मिलते ही जब झूंसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, तो कमरे का दृश्य भयावह था। फर्श पर खून बिखरा था और स्वीटा का शव पड़ा था। आरोपी हेमंत के कपड़ों पर खून के छींटे थे और वह दरवाजे के पास ही बैठा था। पुलिस ने तुरंत उसे हिरासत में ले लिया और हत्या में इस्तेमाल की गई इलेक्ट्रिक प्रेस को कब्जे में ले लिया है। एसीपी झूंसी कुंज लता ने बताया कि फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी की मां और बहन की भी तलाश कर रही है, जो घटना के वक्त घर पर मौजूद नहीं थीं।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment