यूपी में बावनखेड़ी कांड जैसी साजिश! शादी से पहले युवती ने परिवार को बेहोश कर प्रेमी संग फरार…5 अप्रैल को आनी थी बारात

अमरोहा। उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है जिसने पूरे इलाके को दहला दिया है। यहाँ एक युवती ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर खौफनाक साजिश रची और अपने ही परिवार को खाने में नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया। जब पूरा परिवार बेसुध पड़ा था, तब युवती घर से गहने-कपड़े समेटकर प्रेमी के साथ फरार हो गई। इस घटना ने साल 2008 के चर्चित बावनखेड़ी शबनम कांड की यादें ताजा कर दी हैं, जहाँ शबनम ने प्रेमी सलीम के साथ मिलकर अपने परिवार के 7 सदस्यों को कुल्हाड़ी से काट डाला था।

5 अप्रैल को आनी थी बारात, घर में गूंज रहे थे शादी के गीत

मामला अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के एक गांव का है। यहाँ एक किसान की बेटी की शादी तय हो चुकी थी और 5 अप्रैल को बरात आनी थी। घर में खुशियों का माहौल था, मेहमानों का आना-जाना शुरू हो गया था और निकाह की तैयारियां अंतिम चरण में थीं। लेकिन किसे पता था कि दुल्हन बनने जा रही बेटी ही घर की खुशियों को ग्रहण लगा देगी।

रिजवान और जुनैद के साथ मिलकर रची साजिश

पीड़ित परिवार का आरोप है कि 29 मार्च की रात करीब 8 बजे गांव का ही रिजवान अपने दोस्त जुनैद के साथ उनके घर पहुंचा। योजना के मुताबिक, युवती ने इन दोनों की मदद से रात के खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया। खाना खाते ही किसान, उसकी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्य एक-एक कर बेहोश हो गए।

पड़ोसियों ने देखा तो उड़े होश, अस्पताल में भर्ती है परिवार

देर रात तक जब घर में कोई हलचल नहीं हुई और लाइटें जलती रहीं, तो पड़ोसियों को शक हुआ। जब वे घर के अंदर पहुंचे तो मंजर देखकर दंग रह गए; परिवार के सभी सदस्य अचेत अवस्था में जमीन पर पड़े थे। ग्रामीणों ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के मुताबिक, नशीले पदार्थ की अधिक मात्रा के कारण कई सदस्यों की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।

होश आया तो बेटी गायब, प्रेमी पर मुकदमा दर्ज

अस्पताल में जब किसान को होश आया, तो उसने अपनी बेटी को गायब पाया। घर की तलाशी लेने पर पता चला कि वह कीमती सामान लेकर रिजवान के साथ फरार हो चुकी है। इस घटना से शादी वाले घर में कोहराम मच गया है।

सीओ (CO) अवधभान भदोरिया ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर पर रिजवान और जुनैद के खिलाफ बहला-फुसलाकर ले जाने और नशीला पदार्थ खिलाने की धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। पुलिस की टीमें आरोपियों और युवती की तलाश में दबिश दे रही हैं।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment