
सीतापुर में काल बनी गलत दिशा से आती जेसीबी: बीमा सर्वेयर की दर्दनाक मौत
शाहमहोली चौकी क्षेत्र में भीषण भिड़ंत: लखीमपुर से लौट रहे बीमा सर्वेयर ने मौके पर तोड़ा दम
सीतापुर। जनपद के थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में मंगलवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। नगर कोतवाली क्षेत्र के निवासी और पेशे से बीमा कंपनियों के सर्वेयर, 58 वर्षीय शांताकार अवस्थी की इस सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मृत्यु हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब अवस्थी अपने ऑफिशियल काम के सिलसिले में लखीमपुर गए थे और शाम लगभग 6 बजे अपनी निजी कार से वापस सीतापुर लौट रहे थे।
अभी उनकी कार शाहमहोली चौकी क्षेत्र के अंतर्गत पहुंची ही थी कि सामने से गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से आ रही एक तेज रफ्तार जेसीबी ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और शांताकार अवस्थी गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृदुभाषी और मिलनसार स्वभाव के धनी अवस्थी के निधन की खबर मिलते ही पूरे मोहल्ले में सन्नाटा पसर गया है।
इस हादसे ने अवस्थी के परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। घर में उनकी गंभीर रूप से बीमार पत्नी, एक इकलौता बेटा और तीन विवाहित बेटियां हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी अवधेश बहादुर सिंह ने घटनास्थल का मुआयना किया और दुर्घटनाग्रस्त कार व जेसीबी को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने शव को पंचनामे के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।










