दिल दहला देने वाली वारदात: एक महीने में 3 बार बेची गई शादीशुदा महिला, चौथी बार की भनक लगते ही खाया जहर, फिर….

बीड। महाराष्ट्र के बीड जिले से एक ऐसी रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने आधुनिक समाज में महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवालिया निशान लगा दिए हैं। यहाँ एक 21 वर्षीय शादीशुदा महिला को ‘वस्तु’ समझकर महज एक महीने के भीतर तीन बार अलग-अलग लोगों को बेचा गया और जबरन उसकी शादी करवाई गई। जब दरिंदों ने चौथी बार उसका सौदा करने की कोशिश की, तो पीड़िता ने खौफ और डिप्रेशन में आकर जहरीली दवा खाकर जान देने की कोशिश की।

पुणे की ‘महानंदा’ ने बुना धोखे का जाल

पीड़िता मूल रूप से लातूर जिले की रहने वाली है। दो साल पहले उसकी शादी हुई थी, लेकिन पति के प्रताड़नापूर्ण व्यवहार के कारण वह अपनी मां के साथ रह रही थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात पुणे के हड़पसर की रहने वाली महानंदा नाम की महिला से हुई। महानंदा ने उसे बेहतर भविष्य और दूसरी शादी का झांसा देकर पुणे बुलाया, लेकिन वहां पहुंचते ही उसने महिला का सौदा करना शुरू कर दिया।

₹14 लाख में तीन बार हुआ ‘निकाह’ का सौदा

पुलिस जांच में जो तथ्य सामने आए हैं, वे किसी फिल्म की पटकथा से भी ज्यादा डरावने हैं:

  • पहला सौदा: महानंदा ने अमर कालभोर नाम के व्यक्ति से 5 लाख रुपये लेकर पीड़िता की पहली जबरन शादी करवाई।

  • दूसरा सौदा: महज 10 दिन बाद, उसे वहां से हटाकर दूसरे व्यक्ति को 4.5 लाख रुपये में बेच दिया गया।

  • तीसरा सौदा: 4 मार्च को तुलजापुर की एक अन्य महिला की मदद से आष्टी तालुका के कनाडी बुद्रुक के एक शख्स से 4.5 लाख रुपये लेकर उसकी तीसरी शादी करा दी गई।

चौथी शादी का दबाव और आत्मघाती कदम

जुल्म की इंतहा तब हो गई जब 6 मार्च को आरोपियों ने उसे फिर से बुलाया और चौथी शादी के लिए तैयार होने का दबाव बनाया। बार-बार बिकने और शारीरिक-मानसिक शोषण से टूट चुकी महिला ने भविष्य के डर से जहरीली दवा खा ली। फिलहाल पीड़िता का इलाज बीड के मिराजगांव अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत क्रिटिकल (नाजुक) बनी हुई है।

पुलिस एक्शन: अंतर-जिला मानव तस्करी रैकेट का भंडाफोड़

आष्टी पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य आरोपी महानंदा, उसके पति और तुलजापुर के दो सहयोगियों सहित 4 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस को अंदेशा है कि यह सिर्फ एक महिला का मामला नहीं है, बल्कि शादी के नाम पर औरतों को बेचने वाला एक बड़ा इंटर-डिस्ट्रिक्ट रैकेट सक्रिय है। इंस्पेक्टर शरद भूटेकर और एसआई श्रीकृष्ण शिंदे के नेतृत्व में आरोपियों की तलाश के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

88 + = 89
Powered by MathCaptcha