
प्रयागराज/तिरुवनंतपुरम: महाकुंभ 2025 में अपनी रहस्यमयी नीली-भूरी आंखों से करोड़ों दिलों को जीतने वाली ‘रुद्राक्ष गर्ल’ मोनालिसा की लव स्टोरी अब एक कानूनी और पारिवारिक जंग में तब्दील होती दिख रही है। मुस्लिम प्रेमी फरमान खान के साथ केरल के मंदिर में शादी रचाने वाली मोनालिसा के परिवार ने अब चुप्पी तोड़ी है। मोनालिसा के चाचा विजय सिंह भोंसले ने एक चौंकाने वाला दावा करते हुए कहा है कि उनकी भतीजी पर किसी ने ‘काला जादू’ (Black Magic) कर दिया है, जिसके चलते वह अपनों को भूल गई हैं।
चाचा का दावा: एक्टिंग के नाम पर बहला-फुसलाकर ले गए केरल
मोनालिसा के चाचा विजय सिंह ने मीडिया से बात करते हुए अपना दर्द साझा किया। उन्होंने कहा, “हमारी भतीजी अभी जनवरी में ही 18 साल की हुई है। केरल के कुछ लोग उसे एक्टिंग में बड़ा ब्रेक देने के नाम पर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए। हम ज्यादा पढ़े-लिखे लोग नहीं हैं, हमें समझ नहीं आ रहा कि जो लड़की कभी मां-बाप को छोड़कर न जाने की कसमें खाती थी, वह अचानक इतनी बदल कैसे गई? हमें अंदेशा है कि उस पर जादू-टोना किया गया है।”

फेसबुक पर शुरू हुई थी 1 साल पुरानी लव स्टोरी
जानकारी के मुताबिक, मोनालिसा और फरमान खान पिछले एक साल से रिलेशनशिप में थे। दोनों की पहली मुलाकात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर हुई थी। धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदली, लेकिन धर्म अलग होने के कारण मोनालिसा के पिता जय सिंह इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे। मोनालिसा का आरोप है कि घर में उन पर काफी बंदिशें लगाई जा रही थीं और धमकियां मिल रही थीं, जिसके चलते उन्हें सुरक्षा के लिए घर छोड़कर केरल भागना पड़ा।

“मम्मी-पापा को छोड़कर कौन जाएगा?” – वायरल वीडियो ने बढ़ाई कड़वाहट
मोनालिसा की शादी के बाद उनका एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा है। उस वीडियो में वह बेहद मासूमियत से कहती नजर आ रही हैं, “मैं कभी शादी नहीं करूंगी, मम्मी-पापा मना करते हैं। मैं उन्हें छोड़कर कभी कहीं नहीं जाऊंगी।” आज उसी वीडियो को देखकर उनके प्रशंसक और परिवार हैरान हैं कि मात्र 6 महीने के फिल्मी करियर और प्यार के जुनून में उन्होंने अपने माता-पिता के सालों के भरोसे को दरकिनार कर दिया।

महाकुंभ की सीढ़ियों से ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ तक का सफर
बता दें कि साल 2025 के प्रयागराज महाकुंभ में माला बेचते हुए मोनालिसा का वीडियो वायरल हुआ था, जिसने उन्हें रातों-रात सेलिब्रिटी बना दिया। इसी लोकप्रियता के चलते उन्हें फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ में मुख्य भूमिका मिली। हालांकि, करियर की इस नई ऊंचाई के साथ ही विवादों का साया भी उनके साथ जुड़ गया है। फिलहाल, मोनालिसा और फरमान ने केरल पुलिस से सुरक्षा मांगी है, जबकि यूपी में उनका परिवार उनकी वापसी की उम्मीद लगाए बैठा है।









