
UK Sky Turns Pink : यूनाइटेड किंगडम के बर्मिंघम शहर में हाल ही में एक अद्भुत नजारा देखने को मिला, यहां रात के समय आसमान में अचानक चमकदार गुलाबी रंग फैल गया। बर्फबारी के बीच आसमान गुलाबी और बैंगनी रंग की रोशनी से नहा उठा, जिसने लोगों को हैरान कर दिया।
सोशल मीडिया पर इस खूबसूरत नजारे की तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो गए। कई लोगों ने इसे नॉर्दर्न लाइट्स (Aurora Borealis) से जोड़ा, तो कुछ ने इसे किसी Sci-fi मूवी जैसे Stranger Things जैसा बताया। यहां तक कि कुछ यूजर्स ने मजाक में इसे दुनिया का अंत जैसी बातें भी कहीं। प्रत्यक्षदर्शी और नेटिजन्स दोनों ही यह सोचने लगे कि आसमान के गुलाबी होने का कारण क्या था?
Pink sky at night, Blues delight. 🩷 pic.twitter.com/OA8Ywbnreo
— Birmingham City FC (@BCFC) January 9, 2026
क्या है असली?
यह विचित्र घटना तूफान गोरेटी के दौरान घटी, जिसके कारण यूनाइटेड किंगडम में शीत ऋतु जैसी स्थिति बनी हुई है। हालांकि, यह मनमोहक गुलाबी दृश्य पूरी तरह से प्राकृतिक घटना नहीं थी। यह रहस्यमयी गुलाबी चमक कोई प्राकृतिक खगोलीय घटना नहीं थी, बल्कि पूरी तरह से मानव-निर्मित कारण से बनी थी।
यह घटना 8 जनवरी 2026 को स्टॉर्म गोरेटी के दौरान हुई, जब पूरे वेस्ट मिडलैंड्स इलाके में भारी बर्फबारी हो रही थी। इस गुलाबी आसमान का असली कारण बर्मिंघम सिटी फुटबॉल क्लब के घरेलू मैदान सेंट एंड्रयूज स्टेडियम में लगी एलईडी लाइटें थीं। स्टेडियम के ऊपर और आसपास गुलाबी आसमान की तस्वीर साझा करते हुए बर्मिंघम सिटी एफसी ने ट्वीट किया, “रात में गुलाबी आसमान, नीला रंग मनमोहक।”
देखें तस्वीरें



गुलाबी रंग कैसे दिखाई दिया?
इन लाइट्स की रोशनी कम बादलों और गिरती बर्फ के कारण आसमान में प्रतिबिंबित हो गई। घने बादल और बर्फबारी ने आसमान को बहुत ज्यादा रिफ्लेक्टिव बना दिया। बर्फ में मौजूद पानी की बूंदें और बर्फ के कण नीले रंग की तरंगों को ज्यादा बिखेरते हैं, जिससे लंबी तरंगें जैसे लाल और नारंगी रंग ज्यादा प्रभावी हो जाते हैं और परिणामस्वरूप गुलाबी रंग दिखाई देता है। बादलों और बर्फ की वजह से स्टेडियम की रोशनी दूर-दूर तक फैल गई।
बर्मिंघम सिटी फुटबॉल क्लब ने भी आधिकारिक तौर पर पुष्टि करचे हुए कहा कि उनकी पिच पर लगी LED लाइट्स ही इस खास प्रभाव के लिए जिम्मेदार थीं। यह घटना बताती है कि कैसे आधुनिक तकनीक, खास मौसम की स्थिति और शहर की लाइटिंग मिलकर ऐसे जादुई नजारे पैदा कर सकती है।















