
भास्कर समाचार सेवा
बागपत। कश्मीरी पंडितों की हो रही हत्याओं के खिलाफ अब आम आदमी पार्टी भी खुलकर सरकार के खिलाफ उतर आई है। कलक्ट्रेट पर धरना देते हुए मोदी-शाह के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। साथ ही कश्मीरी पंडितों को सुरक्षा मुहैया कराए जाने की मांग की गयी।
दरअसल, आज बागपत कलक्ट्रेट में आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने धरना शुरू कर दिया। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ नारेबाजी की गई। कार्यकर्ताओं का कहना था कि 18 दिनों से कश्मीरी पंडित धरने पर हैं, लेकिन भाजपा सत्ता में अपने आठ साल पूरे होने का जश्न मनाने में व्यस्त है। प्रधानमंत्री जी, ये कोई फ़िल्म नहीं है बल्कि आज कश्मीर की सच्चाई है। वहां कश्मीरी पंडित अपने को असुरक्षित मानकर वहां से पलायन करने की तैयारी कर रहे हैं। सरकारी नोकरी करने वाले अधिकारियों ने ट्रांसफर की फ़ाइल लगा डाली है और सरकार चुप्पी साधे बैठी है। कार्यकर्ताओं का कहना था कि कश्मीर में हो रही इस टारगेट किलिंग को लेकर सरकार जल्द एक्शन लें और कश्मीरी पंडितों की सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम करें।










