कश्मीरी पंडितों की सुरक्षा की मांग को लेकर ‘आप’ ने किया प्रदर्शन

भास्कर समाचार सेवा
मेरठ। आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष अंकुश चौधरी के नेतृत्व में कश्मीरी पंडितों की नृशंस हत्या, कश्मीर में बढ़ रही आतंकवादी घटनाओं और मोदी सरकार की विफलता के ख़िलाफ़ शनिवार को ज़िला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया और कश्मीर के लोगों की सुरक्षा की मांग की।
जिला अध्यक्ष अंकुश चौधरी ने कहा कि जम्मू कश्मीर में कश्मीरी पंडितों के साथ आज वही हो रहा है जो 90 के दशक में उनके साथ हुआ था। घरों, दफ्तरों और सड़कों पर कश्मीरी पंडितों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्हें मारा जा रहा है, उनकी हत्याएं की जा रही है, यह मानवता और देश के खिलाफ है। इसे रोकने के लिए केंद्र सरकार कुछ नहीं कर रही है। कश्मीर जल रहा है और मोदी सरकार विपक्षियों को जेल भेजने में व्यस्त है। जम्मू कश्मीर में एक महीने में कई टारगेट किलिंग के मामले सामने आए हैं। राहुल भट्ट, रियाज अहमद, सैफुल्लाह कादरी, अमरीन भट्ट, शिक्षिका रजनी बाला, बैंक मैनेजर विजय कुमार की आतंकियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस तरह की घटनाओं से कश्मीरी पंडित डरे हुए हैं। वो पलायन कर रहे हैं। दहशत के माहौल में रोजी, रोजगार और व्यापार छोड़ने पर मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाते हुये कहा कि मोदी सरकार आतंकवादी घटनाओं को रोकने के बजाय विपक्ष के खिलाफ सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। प्रदर्शन में ओमदत्त त्यागी, मदन सिंह मान, राहुल चौधरी, कुलदीप त्यागी, संजय गुप्ता, अनमोल कोरी, गुरमिन्दर सिंह, मनोज शर्मा, करण अग्रवाल, दीपक चौधरी आदि मौजूद रहें।

खबरें और भी हैं...