
दिल्ली की एक्साइज पॉलिसी स्कैम के मामले में तीसरी गिरफ्तारी हुई है। CBI ने अभिषेक बोइनपल्ली को हैदराबाद से गिरफ्तार किया गया है। CBI के अफसरों ने बताया कि वह पूछताछ में सहयोग नहीं कर रहा था। इसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया है। उसे रविवार को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। इस दौरान वह जरूरी सवालों से बच रहा था, जिसके बाद उसे देर रात हिरासत में ले लिया गया।
CBI के मुताबिक, अभिषेक कथित तौर पर दक्षिण भारत के कुछ शराब कारोबारियों के लिए काम करता था। उसे सोमवार को अदालत में पेशी होगी। इससे पहले प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने 28 सितंबर को दिल्ली के शराब कारोबारी समीर महेंद्रू को अरेस्ट किया था। वहीं 17 सितंबर को CBI ने AAP के संचार प्रभारी विजय नायर को गिरफ्तार किया था।
ED ने 35 से ज्यादा लोकेशन छापेमारी की थी
ED ने शुक्रवार (7 अक्टूबर) को दिल्ली, पंजाब और हैदराबाद के 35 से ज्यादा लोकेशन पर छापेमारी की थी। इन राज्यों में शराब डिस्ट्रिब्यूटर्स, कंपनियों और उनसे जुड़ी संस्थाओं की तलाशी ली गई। दिल्ली की शराब नीति पिछले साल 17 नवंबर को लागू की गई थी। दिल्ली की एक्साइज पॉलिसी स्कैम में जुलाई महीने से ही CBI जांच शुरू है। अब तक 103 से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी की जा चुकी है।













