धोनी के बाद सुरेश रैना ने भी इंटरनेशनल क्रिकेट को कहा अलविदा

पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी के संन्यास लेने की खबर अभी पूरी तरह से क्रिकेट फैंस के पास पहुंची भी नहीं थी कि एक और बड़ी खबर आ गई है। धोनी के करीबी दोस्त और साथी खिलाड़ी सुरेश रैना ने भी इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। रैना ने इंस्टाग्राम पर धोनी को बधाई देते हुए इस सफर में उनके साथ चलने की बात कही और भारतीय टीम को बॉय बोल दिया। 

रैना का इंस्टा पोस्ट

https://www.instagram.com/p/CD6d3QChY-V/?utm_source=ig_embed

एक साल से प्रतियोगी क्रिकेट नहीं खेले हैं रैना

रैना को बाएं पैर के घुटने मेें चोट लगी थी जिसके कारण वह IPL 2019 की समाप्ति के बाद से प्रतियोगी क्रिकेट नहीं खेल सके हैं। हालांकि, रैना ने इस साल की शुरुआत में ही ट्रेनिंग शुरु कर दी थी और लॉकडाउन लगने के पहले तक चेन्नई सुपरकिंग्स के साथ अभ्यास कर रहे थे।CSK के साथ चेपक स्टेडियम में रैना भारतीय टीम के पूर्व और CSK के वर्तमान ट्रेनर जॉर्ज किंग के अंडर ट्रेनिंग ले रहे थे।

ऐसा रहा है रैना का इंटरनेशनल करियर

33 साल के रैना ने भारत के लिए 226 वनडे, 78 टी-20 और 18 टेस्ट खेले हैं। वनडे में पांच शतक और 36 अर्धशतकों की बदौलत 5,615 रन बनाने वाले रैना ने भारत के लिए आखिरी मुकाबला जुलाई 2018 में खेला था। रैना ने टेस्ट में एक शतक और सात अर्धशतकों की बदौलत 768 रन बनाए हैं। उन्होंने टी-20 में एक शतक और पांच अर्धशतकों की बदौलत 1,604 रन बनाए हैं।

 धोनी ने इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट लिया, अब सिर्फ IPL में खेलेंगे; कहा- प्यार और सपोर्ट के लिए शुक्रिया

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया है। 39 साल के धोनी ने शनिवार शाम इंस्टाग्राम पर ‘मैं पल दो पल का शायर हूं’ गाने के साथ एक वीडियो पोस्ट किया। इसके साथ उन्होंने लिखा- आप लोगों की तरफ से हमेशा मिले प्यार और सपोर्ट के लिए शुक्रिया। आज शाम 7 बजकर 29 मिनट के बाद से मुझे रिटायर ही समझें।

https://www.instagram.com/tv/CD6ZQn1lGBi/?utm_source=ig_embed

धोनी का आखिरी वनडे यादगार रहा, फैन्स उसे भुला नहीं सकेंगे
धोनी आखिरी बार पिछले साल वर्ल्ड कप सेमीफाइनल के दौरान मैदान पर नजर आए थे। मैनचेस्टर में 9 जुलाई 2019 को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए इस सेमीफाइनल में धोनी ने 72 गेंदों पर 50 रन बनाए थे। वे लोअर बैटिंग ऑर्डर के बल्लेबाजों के साथ 240 रन के टारगेट का पीछा कर रहे थे। गुप्टिल के थ्रो पर वे 2 इंच से क्रीज चूक गए थे। माना गया कि इसी 2 इंच से भारत भी वर्ल्ड कप चूक गया। फैन्य मायूस थे और धोनी भी आंखों में आंसू लिए पैवेलियन लौट रहे थे।

धोनी ने 2 वर्ल्ड कप जिताए, एक बार चैम्पियंस ट्रॉफी भी जीती
धोनी 7 जुलाई को ही 39 साल के हुए हैं। उनका जन्म झारखंड (तब बिहार) के रांची में हुआ था। धोनी ने भारत के लिए अब तक सबसे ज्यादा 200 वनडे में कप्तानी की। इसमें भारत को 110 में जीत मिली। वे दुनिया के तीसरे ऐसे कप्तान हैं, जिन्होंने सबसे ज्यादा वनडे मैचों में कप्तानी की है। धोनी ने अपनी कप्तानी में देश को 2007 में टी-20 और 2011 में वनडे वर्ल्ड कप के अलावा 2013 में चैम्पियंस ट्रॉफी जिताई है। दिसंबर 2014 में उन्होंने टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट लिया था।

गांगुली की कप्तानी में धोनी ने डेब्यू किया था
धोनी ने पहला मैच 23 दिसंबर 2004 में बांग्लादेश के खिलाफ चटगांव में खेला था। तब गांगुली कप्तान थे। गांगुली ने अपनी जगह धोनी को नंबर-3 पर बैटिंग के लिए भेजा था। हालांकि, धोनी इस सीरीज में फ्लॉप रहे थे। उन्होंने तीन वनडे में सिर्फ 19 रन बनाए थे, लेकिन अगली सीरीज में पाकिस्तान के खिलाफ 123 बॉल पर 148 रन की यादगार पारी खेलकर वे टीम के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ी बन चुके थे।

90 टेस्ट, 350 वनडे और 98 टी-20 वनडे खेले
धोनी ने अब तक 90 टेस्ट, 350 वनडे और 98 टी-20 खेले हैं। इसमें उन्होंने 4876, 10773 और 1617 रन बनाए हैं। धोनी ने आईपीएल में अब तक 190 मैच में 4432 रन बनाए हैं। उनकी कप्तान में सीएसके ने लगातार दो बार 2010 और 2011 में आईपीएल का खिताब जीता था।

आईपीएल में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा 104 मैच जीते
धोनी ने बतौर कप्तान आईपीएल में सबसे ज्यादा 104 मैच जीते हैं। इसमें सबसे ज्यादा 99 मैच चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए जीते, जबकि 5 मैच राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स को जिताए। दूसरे नंबर पर मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा हैं, जिन्होंने अपनी टीम को 104 में से 60 मैचों में जीत दिलाई है।

खबरें और भी हैं...