
यूपी के आगरा में आज बुधवार तड़के आर मधुराज हॉस्पिटल में भीषण आग लग गई। आग लगते ही हॉस्पिटल के स्टाफ और भर्ती मरीजों के बीच भगदड़ मच गई। आग की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्थल पर पहुंची और तत्काल आग बुझाने के प्रयास शुरू किए गए। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने आग बुझाने के प्रयास के साथ अस्पताल में फंसे चार लोगों को भी एक घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकाला। इसी बीच पता चला कि हॉस्पिटल के संचालक (डॉक्टर) अपने परिवार के साथ दूसरी मंजिल पर फंसे हुए हैं। जब दमकल टीम मौके पर पहुंचती, तब तक डॉक्टर के साथ उनके बेटे और बेटी की आग की चपेट में आने से मौत हो चुकी थी।
दरअसल, यह दर्दनाक घटना आगरा के शाहगंज में खेरिया मोड़ स्थित आर मधुराज हॉस्पिटल में घटी है। दो मंजिला इमारत की पहली मंजिल पर हॉस्पिटल का संचालन होता है और दूसरी मंजिल पर हॉस्पिटल के संचालक डॉ. राजन सिंह अपने परिवार के साथ रहते थे। बताया जा रहा है कि बुधवार तड़के अचानक हॉस्पिटल में आग लग गई। आग लगते ही अस्पताल का स्टाफ भाग खड़ा और भर्ती मरीज भी भागने लगे। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप धारण कर लिया और पूरे अस्पताल को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की चपेट में आया डॉक्टर का परिवार
अस्पताल में आग की सूचना मिलते ही शाहगंज थाना पुलिस और दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। दमकल टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद चार लोगों को बाहर निकाला, लेकिन आग की चपेट में आने से डॉ. राजन सिंह के साथ उनके बेटे ऋषि और बेटी शालू की मौत हो गई है, जो कि दूसरी मंजिल पर फंस गए थे।
पुलिस के पहुंचने से पहले भागा स्टाफ
बताया जा रहा है कि आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन तब तक अस्पताल का स्टाफ भाग चुका था। घटना की जानकारी मिलते ही अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और मरीजों को बाहर निकालकर अन्य हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।














