बाराबंकी में वादों की झड़ी लगा गए अखिलेश

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने शहर के मौरंग मंडी में जनसभा को संबोधित किया
बाराबंकी । शहर के शोर-ओ-ग़ुल से दूर मौरंग मंडी मैदान में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के चलते समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा और योगी आदित्यनाथ पर सियासी वार किए। अखिलेश ने कहा- काका यानी काले कृषि कानून जो किसानों के विरोध की बदौलत चले गए। अब बाबा मुख्यमंत्री भी चले जाएंगे। इन्हें अब कोई नहीं रोक सकता। डबल इंजन की सरकार पर अगर कोई बात डबल हुई है तो वह महंगाई और भ्रष्टाचार है। उन्होंने कहा कि भाजपा का छोटा नेता छोटा झूठ उससे बड़ा नेता उससे ज्यादा झूठ और सबसे बड़ा नेता तो सफेद झूठ बोलता है।शाम लगभग 4.45 बजे पहुंचे अखिलेश यादव ने योगी की तरफ इशारा करते हुए बोले कि अब वह चुनाव लड़ने अपने घर पहुंच गए हैं। अबकी बार उत्तर प्रदेश की जनता उन्हें पैदल कर देगी। पहले और दूसरे चरण में सपा का शतक लग गया है।चौथे चरण में एक शतक और पूरा हो जाएगा। अंतिम चरण आते आते सपा सत्ता में बहुमत प्राप्त कर लेगी। किसानों नौजवानों और सिखों से खुद को जोड़ते हुए कहा कि अगर आजाद भारत में कहीं जलियावाला कांड हुआ तो वह लखीमपुर में हुआ। किसानों को कुचल दिया गया। मुख्यमंत्री कहते हैं कि गर्मी निकाल देंगे पर किसान और बेरोजगार नौजवान अबकी बार उनकी भाप निकाल देंगे। उन्होंने हाथ उठवा कर पूछा कि क्या ऐसा है या नहीं तमाम समर्थकों ने हाथ उठाए। फिर कहा कि भाजपा वाले कहते थे किसान की आमदनी दोगुनी होगी, क्या किसी की आमदनी दोगुनी हुई। आमदनी दोगुनी होने का सपना दिखाया और उपज ही लुट गई। ये वही लोग हैं जो कहते थे कि गरीब और चप्पल पहनने वाला भी हवाई जहाज़ से चलेगा पर क्या ऐसा हुआ। इसलिए सावधान हो जाएं। अपनी खेती बचाएं। वरना चुपके से ये कोई कानून फिर ला सकते हैं। कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार में महंगाई और भ्रष्टाचार डबल हो गया है। अखिलेश ने करीब चालीस मिनट तक जनता को संबोधित किया।

भाजपा पर आरोपों की झड़ी लगाई
गोशालाएं बनवाईं पर पैसा भाजपा वाले खा गए

छुट्टा पशुओं की समस्या उठाते हुए अखिलेश ने कहा कि सीएम ने गोशालाएं बनवाई तो उसका पूरा पैसा भाजपा वाले खा गए। मुख्यमंत्री अपना प्रिय जानवर नहीं पकड़ पा रहे हैं। इसलिए सपा ने तय किया है कि अगर किसी को सांड़ ने मारा है तो उसे पांच लाख रुपये मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने खुद को किसानों नौजवानों बेरोजगारों और बंगाली समाज से जोड़ा। चुनावी घोषणा पत्र के वादे दोहराए।

टीईटी पास लोगों को फौज और पुलिस में नौकरी

अखिलेश ने पुरानी पेंशन दिलाने गन्ने का भुगतान पंद्रह दिन में कराने एम एस पी पर उपज की खरीद  टूरिज्म को बढ़ावा देने का वादा किया। कहा कि सपा ने आम आदमी को 300 यूनिट बिजली देने का जब से एलान किया है भाजपा की बिजली गुल है। ट्रांसफार्मर फुंक गया है। शिक्षामित्रों और बीएड तथा टीईटी पास लोगों के साथ फौज और पुलिस में नौकरी दिलाने का वादा किया। कहा कि सपा की सरकार आई तो 11 लाख खाली पद भरे जाएंगे।

भाजपा के लोग ही नहीं चाहते भाजपा सरकार बने

अखिलेश ने कहा कि अबकी बार तो भाजपा के लोग ही नहीं चाह रहे कि भाजपा सरकार बने। भीड़ में शामिल लोग पूछने लगे कि यह इशारा किसकी ओर है। पर इसका जवाब नहीं आया। लोग अपने अपने हिसाब से अटकलें लगाते रहे।

योगी स्मार्ट फोन भी नहीं चला पाते

अखिलेश ने कहा कि अभी तक तो हम यही जानते थे कि योगी बाबा कंप्यूटर नहीं चला पाते हैं। लेकिन अभी उन्होंने एक तस्वीर लगाई थी स्मार्ट फोन की, जिसमें वे पूर्व की तरफ देख रहे हैं, जनता पश्चिम की ओर। इससे ऐसा लगता है कि वह स्मार्ट फोन भी नहीं चला पाते।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

26 + = 36
Powered by MathCaptcha