
दिन के साथ अब रात को भी गर्मी सताने लगी है। रात में भी तापमान बढ़ने से लोग परेशान हैं। सोमवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री रहा। मंगलवार सुबह से तापमान फिर से बढ़ने लगा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि तापमान 43 डिग्री तक पहुंचेगा। 22 मई तक तापमान इसी तरह रहने की आशंका है।
रात को गर्मी ने बढ़ाई बेचैनी
दिन में गर्मी ने लोगों को परेशान कर रखा है। सूरज की तपिश के चलते धूप में निकलने पर बदन झुलस रहा है। अब इसके साथ ही रात में भी तापमान में कमी नहीं हो रही है। न्यूनतम तापमान के बढ़ने से रात में भी गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया है। कूलर में भी गर्मी लग रही है। आलम ये है कि रात को गर्मी के चलते लोग बेचैन हो रहे हैं।
सोमवार को आगरा का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यनूतम तापमान 32.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से सात डिग्री अधिक था। वहीं, मंगलवार सुबह से गर्मी ने लोगों को परेशान कर रखा है। सुबह नौ बजे तापमान 34 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि तापमान 43 डिग्री तक पहुंचेगा।
22 मई तक नहीं राहत
मौसम विभाग का अनुमान है कि 22 मई तक गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। तापमान भी 43 डिग्री तक पहुंचेगा। 18 से 22 मई लू से जरूर राहत मिलेगी। ऐसे में गर्मी से बचने के लिए लोगों को सावधानी बरतनी होगी। गर्मी के साथ लू ने लोगों को परेशान कर दिया है। ऐसे में चिकित्सकों की सलाह है कि लोग घर से बाहर निकलते समय सावधानी बरतें।
बिना काम के घर, आफिस से बाहर न निकलें। बेहतर होगा कि दोपहर 12 से चार बजे के बीच बाहर न जाएं। धूप में बाहर निकलते समय पूरा शरीर ढक कर निकलें। साथ में पानी की बोतल और ओआरएस का घोल लेकर चलें। थोड़ी देर बाद पानी पीते रहें।













