
जनपद को ए-श्रेणी मे लाने हेतु सभी विभागीय अधिकारी करें अथक प्रयास – डीएम
– गोल्डन कार्ड बनाने की प्रगति में डी-कैटेगरी में पाए जाने पर व्यक्त किया असंतोष
– – विकास कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान सभी विभागों के अधिकारियों को दिए दिशा निर्देश
मैनपुरी। जनपद में संचालित 16 ग्रामीण पाईप पेयजल योजनाओं में मानक के अनुसार उपभोक्ताओं को कनेक्शन न दिए जाने, यूजर चार्ज की वसूली की प्रगति बेहद खराब पाए जाने पर जिला पंचायत राज अधिकारी को प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने, प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना, मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना में गोल्डन कार्ड बनाने की धीमी प्रगति पर प्रभारी सुनील को चेतावनी जारी करने, ईयर टैंगिंग की प्रगति खराब पाये जाने पर पशु चिकित्साधिकारी को चेतावनी जारी करने, बैठक से अनुपस्थित परियोजना प्रबंधक सीएनडीएस, परियोजना निदेशक डीआरडीए, प्रधानाचार्य राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान का स्पष्टीकरण प्राप्त करने, जिला कारागार की बाउंड्रीवॉल में नियमों की अनदेखी कर ऊंचाई बढ़ाने की जांच टेक्निकल टीम से कराए जाने, ट्रामा सेंटर बेवर की भूमि का न्यायालय में प्रभावी पैरवी किए जाने, अधिशासी अभियंता सिंचाई द्वारा माह सितंबर में निर्माण कार्यों की निरीक्षण रिपोर्ट प्रस्तुत न करने पर चेतावनी निर्गत करने के निर्देश जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाले विकास कार्यक्रमों की समीक्षा के दौरान देते हुए कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने विभागीय लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति करने के लिए प्रभावी कार्य योजना तैयार कर उसके अनुरूप कार्य करें, संचालित सभी योजनाओं में जनपद ए-श्रेणी में रहे, जिन योजनाओं में जनपद सी, डी कैटेगरी में है, 20 अक्टूबर तक अथक प्रयास कर ए-श्रेणी मे लाया जाए।
उन्होने गोल्डन कार्ड बनाने की प्रगति में डी-कैटेगरी में पाए जाने पर असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि इस कार्य में आशा, एएनएम, संगिनी, आरोग्य मित्र, पंचायत सहायक, सी.एच.ओ. आदि की पूरी टीम कार्य कर रही है, फिर भी गोल्डन कार्ड बनाए जाने की प्रगति में कोई सुधार नहीं हो रहा है। उन्होंने सचेत करते हुए कहा कि सभी संबंधित अधिकारी आपस में समन्वय स्थापित कर गोल्डन कार्ड बनाए जाने की प्रगति सुधारें। जिलाधिकारी ने समीक्षा के दौरान अधिशासी अभियंता जल निगम को निर्देशित करते हुए कहा कि कांकन पाइप पेयजल योजना का जिला पंचायत राज अधिकारी, खंड विकास अधिकारी सदर के साथ स्थलीय भ्रमण कर तत्काल ग्राम पंचायत को हैंड ओवर किया जाए, यदि संयुक्त निरीक्षण के उपरांत भी ग्राम प्रधान द्वारा पाइप पेयजल योजना हैंडओवर न ली जाए तो उसके विरुद्ध कार्यवाही की जाए, जनपद की समस्त पाइप पेयजल योजना पूरी क्षमता से संचालित रहे ताकि ग्रामीणों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देशित करते हुए कहा कि झटपट पोर्टल, निवेश मित्र पोर्टल पर विद्युत संयोजन हेतु जो भी आवेदन आएं, उन्हें निर्धारित समय सीमा में निस्तारित किया जाए, किसी भी उपभोक्ता को किसी प्रकार की असुविधा न हो, सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी ग्राम पंचायतों से स्ट्रीट लाइट, पंचायत भवन, विद्यालय के विद्युत बिलों की बकाया धनराशि जमा कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि देवी मेला के समीप ईसन नदी पर बने सेतु के संपर्क मार्ग का न्यायालय के निर्देशानुसार निस्तारण किया जा चुका है लेकिन विभाग की लापरवाही के चलते उक्त मार्ग का कार्य पूर्ण नहीं हो पा रहा है, जिस कारण आमजन को आवागमन में असुविधा हो रही है साथ ही सेतु के निर्माण में धनराशि का भी सदुपयोग नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिशासी अभियंता को सचेत करते हुए कहा कि उक्त मार्ग का सर्वाेच्च प्राथमिकता पर कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करें अन्यथा जिम्मेदारी तय कर प्रभावी कार्यवाही होगी।
मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार ने समीक्षा के दौरान मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को आदेशित करते हुये कहा कि पशुओं को लंपी रोग से बचाव हेतु तत्काल टीकाकरण कराया जाये, गौशालाओं में संरक्षित गौवंश का भी टीकाकरण किया जाये, आवश्यकता पड़ने पर नगर पालिका, नगर निकायों का सहयोग लिया जाये। उन्होने नाराजगी व्यक्त करते हुये कहा कि मंडल में जनपद के पशुओं की ईयर टेगिंग की प्रगति सबसे खराब है, अभियान चलाकर अवशेष पशुओं की ईयर टेगिंग करायी जाये।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डा.पी.पी.सिंह, उपायुक्त एनआरएलएम पी.सी. राम, डिप्टी कलेक्टर, जिला समाज कल्याण अधिकारी वीरेन्द्र कुमार मित्तल, परियोजना अधिकारी डूडा आर.के. सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी क्यामुद्दीन अंसारी, जिला पंचायत राज अधिकारी अविनाश चन्द, जिला अभिहीत अधिकारी टी.आर. रावत, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी प्रशांत, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण, विद्युत, जल निगम, सिंचाई सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।














