सरधना के मंडी चमारान में एक और मौत, मृतकों की संख्या पहुंची 5 

दूषित पानी पीने से अब तक 300 से अधिक लोग हो चुके हैं  बीमार 

बीमार लोगों की मौत का सिलसिला लगातार बढ़ने से इलाके में दहशत का माहौल 

भास्कर समाचार सेवा
मेरठ/सरधना। सरधना के मोहल्ला मंडी चमारान में दूषित पानी पीने से बीमार होने वालों और मौत होने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब तक 300 से अधिक लोग बीमार हो चुके है जबकि, नवजात शिशु सहित अब तक 5 की मौत होने से इलाके में दहशत का माहौल है। स्वास्थ्य विभाग ने अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। 

आपको बतादें कि सरधना में बिनौली रोड पर मेनका नर्सिंग होम के सामने मोहल्ला मंडी चमारान में 8 दिन पूर्व दूषित पानी पीने से सैकड़ों लोग डायरिये का शिकार हो गए थे। उलटी, दस्त, पेट में दर्द होने के कारण मोहल्ले के लोगों में हड़कंप मच गया था। जिन्हे नगर व मेरठ के विभिन्न अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अब तक 300 से अधिक लोगों के बीमार होने से इलाके में दहशत का माहौल है। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने भी सरधना के मोहल्ला मंडी चमारान पहुंचकर लोगों से बात की थी और उन्हें हर संभव मदद देने का भरोसा दिलाया था । 

क्षेत्र में लोगों के बीमार होने का सिलसिला लगातार जारी रहा। बुधवार को भी आधा दर्जन से अधिक लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस दौरान नवजात शिशु सहित अब तक 5 की मौत भी हो चुकी है। वसीम सैफी की डेढ़ माह की बेटी आनिया की भी उपचार के दौरान मौत हो गयी है।

वसीम सैफी ने बताया कि आठ दिन पूर्व उसकी पत्नी शाहना को उलटी दस्त लगे थे, जिसे पहले सरधना के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहाँ से शाहना को जिला अस्पताल भेज दिया था, जिसका तभी से मेडिकल में उपचार चल रहा है। इसी दौरान उसकी डेढ़ माह की बेटी को भी उलटी दस्त लगे। चिकित्स्कों ने उसका भी उपचार किया लेकिन, उसकी मौत हो गयी।

खबरें और भी हैं...