नशे के नेटवर्क पर ANTF की ‘सर्जिकल स्ट्राइक’…..चंदौली में 2.5 करोड़ का गांजा बरामद,

ओडिशा से नोएडा जा रही थी खेप

चन्दौली। उत्तर प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जीरो टॉलरेंस नीति को एक बड़ी सफलता मिली है। एण्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की वाराणसी एवं आगरा यूनिट ने चंदौली पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय नशा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है।
इस मेगा ऑपरेशन के दौरान टीम ने करीब 499 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 2 करोड़ 50 लाख रुपये बताई जा रही है। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा एक DCM ट्रक भी जब्त किया गया है।

ANTF को मिली पुख्ता सूचना के आधार पर चंदौली सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बाबा ढाबा के सामने सर्विस लेन पर घेराबंदी की गई। जैसे ही संदिग्ध डीसीएम ट्रक वहाँ पहुँचा, संयुक्त टीम ने उसे रोककर तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।

कार्रवाई के दौरान दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में सामने आया कि गांजे की यह खेप ओडिशा से दिल्ली-एनसीआर भेजी जा रही थी और इसे गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) में एक व्यक्ति तक पहुँचाया जाना था। पुलिस अब इस नेटवर्क के मुख्य सरगना की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नशा तस्करी के खिलाफ यह अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा और पूरे गिरोह को जड़ से खत्म किया जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

3 + 1 =
Powered by MathCaptcha