एटीएम फ्रॉड गैंग हुआ गिरफ्तार

भास्कर समाचार सेवा

आगरा। आगरा में बीते कुछ समय से एटीएम कार्ड बदल कर खाते से पैसे निकालने के मामलों में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर सेल और थाना पुलिस ने एटीएम बदलकर ठगी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से डेबिट कार्ड, नकदी और पेटीएम पॉश मशीन बरामद हुई हैं। इनका एक साथी पहले ही जेल में है और आरोपियों पर पूर्व में भी मुकदमे दर्ज हो चुके हैं।

आगरा के थाना शाहगंज क्षेत्र में बीते दिनों एक महिला का एटीएम कार्ड बदल कर नकदी निकलने का मामला सामने आया था। पुलिस ने सीसीटीवी और साइबर सेल की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। इसके बाद पुलिस ने आजम निवासी हरियाणा ,नासिर निवासी गौतम बुद्ध नगर और पीलीभीत निवासी करन गेन को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अपराधियों से दो पेटीएम पॉश मशीन, 25 हजार नकद,13 डेबिट कार्ड, दो आधार और तीन मोबाइल बरामद किए गए हैं।

ऐसे मिला पुलिस को सुराग

पुलिस अपराधियों को ढूंढ रही थी। महिला के कार्ड से पैसा निकालने के डिटेल मिलने पर पता चला की गुड़गांव में पेटीएम कंपनी के सेल्स आफिसर करन की आईडी पर इश्यू मशीन से पैसे निकाले गए हैं। पुलिस करन के पास पहुंची और उससे पूछताछ की तो पहले उसने अपने एमबीए पास आफिसर होने का रुतबा जमाने की प्रयास किया पर जब उससे सख्ती से पूछा गया तो उसने बताया की वो दस हजार रुपए में आजम और नासिर को बिना आईडी के पेटीएम की पॉश मशीन देता था।

इसके बाद पुलिस ने आजम और नासिर को भी पकड़ लिया। आरोपियों ने बताया की वो देहात और सुनसान क्षेत्रों में बिना गार्ड वाले एटीएम पर खड़े होते थे। मशीन में पहले ही कार्ड लगाने के प्वाइंट को च्विंग्म या कुछ और चीज लगा कर गड़बड़ कर देते थे। इसके बाद जब कोई पैसे निकालने आता था तो वो पीछे से पैसा निकालने के बहाने अंदर आ जाते थे। इस दौरान चुपचाप व्यक्ति का एटीएम पिन देख लेते थे। पैसा न निकलने पर व्यक्ति की मदद के बहाने उसका कार्ड बदल देते थे। जैसे ही व्यक्ति जाता था तो तत्काल उसका कार्ड मशीन से स्वैप कर खाता खाली कर देते थे।

इंस्पेक्टर जसवीर सिरोही ने बताया की आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। इनके ऊपर कई अन्य शहरों में मुकदमे दर्ज हैं।इनका एक साथी पहले ही अन्य मुकदमे में जेल जा चुका है ।

खबरें और भी हैं...