लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी के पॉश इलाके महानगर स्थित विवेकानंद अस्पताल से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। अस्पताल के न्यूरो वार्ड में भर्ती एक महिला मरीज के साथ बुधवार देर रात वार्ड बॉय ने शौचालय के भीतर घुसकर दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी ने बीमार महिला के साथ मारपीट भी की। शोर मचने पर आरोपी मौके से भाग निकला, लेकिन लखनऊ पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सर्विलांस की मदद से उसे दबोच लिया है। इस घटना ने अस्पताल प्रबंधन और मरीजों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सीतापुर से इलाज कराने आई थी पीड़िता, वार्ड बॉय ने बनाया निशाना
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता का परिवार मूल रूप से सीतापुर का रहने वाला है। महिला की तबीयत खराब होने के कारण उसे बीती 19 मार्च को विवेकानंद अस्पताल के न्यूरो वार्ड में भर्ती कराया गया था। बुधवार रात करीब 9 बजे महिला वार्ड के पास बने शौचालय में गई थी। इसी दौरान सीतापुर के ही रामपुर मथुरा निवासी वार्ड बॉय अनीस अहमद उसके पीछे टॉयलेट में घुस गया। आरोपी ने अंदर से कुंडी लगा ली और महिला के साथ जबरदस्ती करने लगा।
देर तक बाहर नहीं आई बहन, तो खुला खौफनाक राज
काफी देर तक जब महिला शौचालय से बाहर नहीं निकली, तो बाहर खड़ी उसकी बड़ी बहन को चिंता हुई। उसने दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से कोई हलचल नहीं हुई। परिजनों के शोर मचाने पर अस्पताल का स्टाफ और अन्य लोग मौके पर जमा हो गए। जब दबाव बनाया गया तो आरोपी ने दरवाजा खोला। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दरवाजा खुलते ही आरोपी अर्धनग्न हालत में बाहर निकला और भीड़ का फायदा उठाकर भाग खड़ा हुआ। पीड़िता ने रोते हुए आपबीती सुनाई, जिसके बाद अस्पताल में हड़कंप मच गया।
पुलिस की कार्रवाई: सर्विलांस से पकड़ा गया ‘हैवान’
घटना की सूचना मिलते ही महानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़िता के भाई की तहरीर पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। डीसीपी उत्तरी के निर्देश पर गठित टीम ने मोबाइल लोकेशन और सर्विलांस की मदद से आरोपी अनीस अहमद को मदेयगंज इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने खुद को बचाने के लिए कुतर्क देते हुए कहा कि वह सिर्फ सिगरेट पीने अंदर गया था, लेकिन पीड़िता के बयान और मौके के साक्ष्यों ने उसकी पोल खोल दी।
अस्पताल प्रशासन ने झाड़ा पल्ला, आरोपी बर्खास्त
इस शर्मनाक घटना के बाद विवेकानंद अस्पताल प्रशासन बैकफुट पर है। प्रबंधन ने आनन-फानन में कार्रवाई करते हुए आरोपी वार्ड बॉय अनीस अहमद को नौकरी से बर्खास्त कर दिया है। हालांकि, सवाल यह उठता है कि अति-संवेदनशील न्यूरो वार्ड में इस तरह की सुरक्षा चूक कैसे हुई? पुलिस अब अस्पताल के अन्य स्टाफ से भी पूछताछ कर रही है ताकि सुरक्षा मानकों की जांच की जा सके।











