
फखरपुर/कैसरगंज/बहराइच l मिशन शक्ति के तृतीय चरण के अंतर्गत रामकृष्ण परमहंस पीजी कालेज कैसरगंज की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के स्वयंसेवकों द्वारा महिलाओं के स्वास्थ्य सुरक्षा और स्वच्छता के संबंध में शपथ ली गई। महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी एवं जिले की नोडल अधिकारी डा0 शैलजा दीक्षित द्वारा छात्र छात्राओं को बालिकाओं एवं महिलाओं के स्वास्थ्य उनकी स्वच्छता तथा सुरक्षा के संबंध में जागरूकता शपथ दिलाई गई। शपथ से पूर्व महाविद्यालय में आयोजित एक संगोष्ठी के अंतर्गत डा0 दीक्षित द्वारा स्वयंसेवकों को अपने-अपने घरों में अपनी मां, बहन, भाभी, पत्नी तथा अन्य महिलाओं के प्रति संवेदनशीलता को बढ़ाने की प्रेरणा दी गई ।
उनकी समस्याओं को समझने, उनके सामने आने वाली कठिनाइयों को दूर करने में यथासंभव अपनी सहभागिता निभाने के लिए, उनके प्रभावी योगदान के प्रति ध्यानाकर्षण किया गया कि स्वच्छता के माध्यम से किस प्रकार एक स्वस्थ जीवन परिवार की महिलाएं तथा अन्य सदस्य जी सकते हैं इस पर विचार विमर्श किया गया।कार्यक्रम में सुशांत, कैफ, आयुषी ,शहर बानो, अंकिता, सूरज, सूर्य प्रकाश, प्रिया, लक्ष्मी, रश्मि, निहारिका, नीतू आदि स्वयंसेवक उपस्थित रहे।











