बरेली पुलिस ने डकैती करने वाले गैंग को मुठभेड़ में दबोचा, गोली लगने से दो बदमाश घायल

बरेली । उत्तर प्रदेश के जनपद बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र के धौंराटांडा में राइस मिलर के घर हुई लाखों की डकैती का पुलिस ने रविवार देर रात मुठभेड़ में पर्दाफाश कर दिया। तमंचों के दम पर परिवार को बंधक बनाकर 8.32 लाख रुपये नकद व करीब छह तोला जेवर लूटने वाले चार बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में अकरम अली और आसिफ के पैर में गोली लगी, जबकि साहिल और शाहिद को मौके से दबोच लिया गया।

गुरुवार देर रात करीब दो बजे बदमाश चैनल काटकर मोहम्मद रिहान के घर में घुसे थे। उन्होंने अकील अहमद को काबू कर हाथ बांध दिए और रिहान व उनके भाई पर तमंचा तान दिया। जान से मारने की धमकी देकर अलमारियां खंगालीं और नकदी-जेवर समेट लिए। भागते समय एक बदमाश छत से कूदकर घायल हो गया था, जिसे ग्रामीणों ने पकड़ लिया था।

घटना के बाद से पुलिस टीम गैंग की तलाश में जुटी थी। रविवार रात चेकिंग के दौरान संदिग्ध पिकअप को रोकने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो घायल हो गए और चारों पकड़े गए। आरोपियों से लूटी नकदी, अवैध तमंचे व वाहन बरामद हुए हैं।

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि “डकैती की घटना के खुलासे के लिए कई टीमें लगाई गई थीं। मुठभेड़ में गिरफ्तार सभी आरोपी वारदात में शामिल पाए गए हैं। गैंग के आपराधिक इतिहास व अन्य साथियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। जल्द ही पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।” मुठभेड़ के बाद इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस गैंग के अन्य साथियों व नेटवर्क की तलाश में दबिश दे रही है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

92 − 90 =
Powered by MathCaptcha