कलवारी (बस्ती): उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में मामूली शक किस कदर हिंसक रूप ले सकता है, इसकी एक भयावह तस्वीर कलवारी थाना क्षेत्र से सामने आई है। बगही उर्फ बेनीपुर गांव में रविवार सुबह मोबाइल फोन हाथ में होने के संदेह मात्र पर दबंगों ने एक युवक को बेरहमी से पीटा और जब उसे बचाने बुजुर्ग माता-पिता आए, तो उन्हें भी लहूलुहान कर दिया गया। सिर फटने और गंभीर चोटों के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है।
रास्ते में खड़े होने और मोबाइल देखने पर भड़के दबंग
घटना रविवार सुबह करीब 9:30 बजे की है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी राम बहोर का बेटा अविनाश किसी काम से पटरा लेने जा रहा था। रास्ते में एक लोडर गाड़ी गुजर रही थी, जिसे देखने के लिए वह रुक गया। अविनाश के हाथ में मोबाइल फोन था, जिसे देखकर वहां मौजूद दबंगों को यह गलतफहमी हो गई कि वह उनका वीडियो बना रहा है। इसी बात को लेकर गाली-गलौज शुरू हुई और देखते ही देखते दबंगों ने उसे जमीन पर पटककर पीटना शुरू कर दिया।
बचाने आए माता-पिता के भी फोड़ दिए सिर
बेटे की चीख सुनकर पिता राम बहोर और मां निर्मला मौके पर दौड़े। उन्होंने हमलावरों के हाथ-पांव जोड़कर बेटे को बचाने की कोशिश की, लेकिन दबंगों पर खून सवार था। आरोप है कि करीब 5-6 लोग लाठी-डंडों के साथ वहां आ धमके और पूरे परिवार पर टूट पड़े। हमलावरों ने राम बहोर और निर्मला के सिर पर प्रहार किया, जिससे दोनों के सिर फट गए और वे खून से लथपथ होकर गिर पड़े। शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं। जाते-जाते हमलावर परिवार को जान से मारने की धमकी दे गए।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, गिरफ्तारी के लिए दबिश तेज
घटना के बाद घायल परिवार किसी तरह कलवारी थाने पहुंचा और अपनी आपबीती सुनाई। पीड़ितों की हालत देख पुलिस ने तुरंत उन्हें इलाज के लिए भेजा और लिखित तहरीर के आधार पर कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी कलवारी, संतोष सिंह ने बताया कि मामूली विवाद में परिवार पर हमला करने वाले आरोपियों की पहचान कर ली गई है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और फरार दबंगों की गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं।










