
नई दिल्ली । केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए रेलवे कर्मचारियों को 78 दिनों के बराबर उत्पादकता आधारित बोनस (पीएलबी) के भुगतान को मंजूरी दी। लगभग 11.27 लाख अराजपत्रित रेल कर्मचारियों को पीएलबी राशि का भुगतान किया जा चुका है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को केन्द्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में रेलवे कर्मचारियों को दशहरे पर दिए जाने वाले इस बोनस को मंजूरी प्रदान की।
कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि रेलवे के 11 लाख 27 हजार कर्मचारियों उत्पादकता आधारित बोनस दिया गया है। कुल 1,832 करोड़ रुपये का बोनस दिया जाएगा। यह 78 दिनों का बोनस के बराबर होगा। इसकी अधिकतम सीमा 17,951 रुपये है।
कैबिनेट : पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए नई पीएम-डिवाइन योजना को मंजूरी
केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने 2022-23 से 2025-26 तक 15वें वित्त आयोग के शेष चार वर्षों के लिए पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए प्रधानमंत्री विकास पहल (पीएम-डिवाइन) नई योजना को मंजूरी दी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यीक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को इस नई योजना को मंजूरी दी है। नई योजना, पीएम-डिवाइन शत प्रतिशत केंद्र से वित्त पोषित है। इसे पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय द्वारा लागू किया जाएगा।
पीएम-डिवाइन योजना में 2022-23 से 2025-26 तक चार साल की अवधि के लिए 6,600 करोड़ रुपये का परिव्यय होगा।
पीएम-डिवाइन बुनियादी ढांचे के निर्माण, उद्योगों, सामाजिक विकास परियोजनाओं का समर्थन करेगा और युवाओं व महिलाओं के लिए आजीविका गतिविधियों का निर्माण करेगा, जिससे रोजगार सृजन होगा।














