वाराणसी के यूपी कॉलेज में खूनी खेल: प्रिंसिपल के सामने छात्र को गोलियों से भूना, कैंपस में मची चीख-पुकार और भारी बवाल

वाराणसी (ब्यूरो): धर्म नगरी काशी का प्रतिष्ठित शिक्षा केंद्र ‘उदय प्रताप कॉलेज’ (UP College) शुक्रवार सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। सामाजिक विज्ञान संकाय के गलियारे में एक छात्र ने अपने ही सहपाठी पर अंधाधुंध फायरिंग कर उसे मौत के घाट उतार दिया। दुस्साहस का आलम यह था कि हत्यारोपी ने कॉलेज प्रिंसिपल की मौजूदगी में ही वारदात को अंजाम दिया और फिल्मी अंदाज में दीवार फांदकर फरार हो गया। इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद गुस्साए छात्रों ने कॉलेज कैंपस से लेकर अस्पताल तक जमकर बवाल और तोड़फोड़ की है।

चार राउंड फायरिंग और सिर-सीने में दनादन गोलियां

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना सुबह करीब 11 बजे की है जब कॉलेज में कक्षाएं चल रही थीं। बीए चतुर्थ सेमेस्टर का छात्र सूर्य प्रताप सिंह (निवासी दुबैथा, गाजीपुर) जैसे ही संकाय के गलियारे में पहुंचा, घात लगाकर बैठे हमलावर ने पिस्टल निकाल ली। हमलावर ने पूरी बेरहमी से सूर्य प्रताप के सिर और सीने को निशाना बनाते हुए चार राउंड फायर किए। गोलियां लगते ही सूर्य प्रताप खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। वारदात के बाद हमलावर पहली मंजिल की ओर भागा और पीछे की दीवार फांदकर चंपत हो गया। भागते समय उसने पास के कूड़े के ढेर में अपनी पिस्टल फेंक दी, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।

छात्रों का आक्रोश: कैंपस बना जंग का मैदान, पुलिस कमिश्नर ने संभाला मोर्चा

अपने साथी को लहूलुहान देख छात्रों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। घायल सूर्य प्रताप को तुरंत मलदहिया स्थित निजी अस्पताल और फिर बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर फैलते ही सैकड़ों छात्रों ने कॉलेज का मुख्य द्वार बंद कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तोड़फोड़ शुरू कर दी। स्थिति बेकाबू होते देख वाराणसी के पुलिस कमिश्नर भारी फोर्स के साथ खुद मौके पर पहुंचे। वर्तमान में कॉलेज परिसर और अस्पताल के बाहर पीएसी और कई थानों की फोर्स तैनात है।

पुरानी रंजिश या वर्चस्व की जंग? आरोपी की हुई पहचान

शुरुआती जांच में यह मामला पुरानी रंजिश या छात्र गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई का लग रहा है। पुलिस ने हमलावर छात्र की पहचान मंजीत चौहान के रूप में की है, जो कॉलेज के पास ही चांदमारी इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस कमिश्नर ने कॉलेज के प्रिंसिपल से लंबी पूछताछ की है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस की कई टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं।

सुरक्षा पर बड़े सवाल: शिक्षा के मंदिर में पिस्टल लेकर कैसे पहुंचा छात्र?

इस वारदात ने यूपी कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था और प्रॉक्टोरियल बोर्ड की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्रों का आरोप है कि कॉलेज प्रशासन की ढिलाई के कारण ही कैंपस के भीतर असलहे पहुंच रहे हैं। वाराणसी के इस ऐतिहासिक और अनुशासित माने जाने वाले संस्थान में हुई इस घिनौनी वारदात ने शिक्षा जगत को कलंकित कर दिया है। मृतक सूर्य प्रताप सिंह के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गाजीपुर से उसके परिजन वाराणसी पहुंच रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

+ 34 = 36
Powered by MathCaptcha