
भास्कर समाचार सेवा
रोहतक/आदमपुर। इनेलो प्रधान महासचिव एवं ऐलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला ने कहा कि आदमपुर उप-चुनाव में एक तरफ पूंजीपतियों का साथ देने वाली भाजपा और पिछले आठ साल से भाजपा का साथ देने वाले भूपेंद्र हुड्डा की कांग्रेस पार्टी है, दूसरी तरफ किसान, कमेरे, छोटा व्यापारी और कर्मचारियों के हितों की लड़ाई लडऩे वाली इंडियन नेशनल लोकदल है। लोग भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार और कांग्रेस को देख चुके हैं कि कैसे दोनों ही पार्टियों ने सत्ता में रह कर प्रदेश को लूटा है और किसान, कमेरे, छोटे व्यापारियों और आम जनता के हितों की अनदेखी की है। आज प्रदेश की जनता जागरूक हो चुकी है और अपना नफा नुकसान जानती है इसलिए आदमपुर की जनता इनेलो प्रत्याशी किसान पुत्र कुरड़ा राम नंबरदार को विधान सभा में भेजने का मन बना चुकी है। कुलदीप बिश्रोई भूपेंद्र हुड्डा ने जानबूझकर बाहरी प्रत्याशी जय प्रकाश को कांगे्रस का उम्मीदवार बनाया है ताकि भाजपा को जितवाया जा सके। जय प्रकाश ने 2009 में जब आदमपुर से चुनाव लड़ा था तब गाडिय़ों के तेल के पैसे नहीं दिए, गाडिय़ों का किराया नहीं दिया और लोग तो बताते हैं कि नकली नोट भी बांट कर गया था। जय प्रकाश भी कुलदीप बिश्रोई की तरह चुनाव खत्म होते ही पैसे इकट्ठे करके आदमपुर से गायब हो जाएगा।
इनेलो नेता ने आदमपुर उप-चुनाव में शनिवार को पार्टी उम्मीदवार कुरड़ा राम नंबरदार के लिए प्रचार किया। उन्होंने गांव सिसवाल, बगला, घुड़साल, आदमपुर गांव, दड़ौली, चुली खुर्द, चुली कलां, चुली बागडिय़ां, खैरमपुर और कालीरावन समेत दर्जनभर गावों में प्रचार किया। इस दौरान सभी गावों में इनेलो नेता और कुरड़ा राम नंबरदार का जोरदार स्वागत किया गया और लोगों की भारी संख्या में भीड़ जुटी। इनेलो नेता ने कहा कि इनेलो उम्मीदवार कुरड़ाराम नंबरदार आदमपुर से विधायक बनने का असली हकदार है और आदमपुर की जनता के लिए चौबीसों घंटे उपलब्ध है। नंबरदार ने निस्वार्थ किसानों और कमेरों की लड़ाई लड़ी है और वो सभी को विश्वास दिलाते हैं कि विधायक बनने के बाद आदमपुर के विकास के लिए जनता की विधान सभा में पुरजोर आवाज उठाएंगे। उन्होंने अपील की कि यह सही समय है जब आप सभी मिलकर आदमपुर के एक किसान पुत्र को भारी मतों से जितवा कर विधान सभा भेजें।













