
एटा/जलेसर (डेस्क): उत्तर प्रदेश के एटा जिले से रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। जलेसर थाना क्षेत्र के ग्राम पधैरा में एक 15 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) की घटना ने पूरे इलाके में आक्रोश पैदा कर दिया है। मेला देखकर घर लौट रही नाबालिग को गांव के ही एक युवक ने अपने दो अज्ञात साथियों के साथ मिलकर हवस का शिकार बनाया। इस मामले में पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश देना शुरू कर दिया है।
मेले की खुशियों के बीच बिछाया ‘दरिंदगी’ का जाल
जानकारी के मुताबिक, ग्राम पधैरा की रहने वाली 15 वर्षीय नेहा (नाम परिवर्तित) शुक्रवार, 27 मार्च की शाम करीब 7 बजे अपनी सहेलियों के साथ पास के ऊँचा गांव में मेला देखने गई थी। रात करीब 9 बजे जब उसकी सहेलियां घर वापस लौट आईं और नेहा का कहीं पता नहीं चला, तो परिजनों के हाथ-पांव फूल गए। सहेलियों ने बताया कि वह काफी पहले ही घर के लिए निकल चुकी थी। जब मां ने घबराहट में नेहा के मोबाइल पर फोन किया, तो दूसरी तरफ से उसकी सिसकियों ने कलेजा चीर दिया।
नहर के पास ले जाकर तीन दरिंदों ने किया ‘गंदा काम’
रोते हुए पीड़िता ने बताया कि गांव का ही सूरज पुत्र विनोद कुमार उसे बहला-फुसलाकर बछेपुरा बम्बा (नहर) के सुनसान इलाके की तरफ ले गया। वहां सूरज के दो अन्य दोस्त पहले से ही घात लगाकर बैठे थे। आरोप है कि उन तीनों ने मिलकर नाबालिग के साथ बारी-बारी से सामूहिक दुष्कर्म किया। दिल दहला देने वाली बात यह भी सामने आई है कि मुख्य आरोपी सूरज ने कुछ दिन पहले भी किशोरी के साथ ऐसी ही घिनौनी हरकत की थी, जिसके बारे में उसने डर के मारे किसी को नहीं बताया था।
मेडिकल जांच और पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश
शनिवार को न्याय की गुहार लेकर पीड़िता की मां उसे थाने ले गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल लिखित शिकायत दर्ज की। कोतवाली प्रभारी संजय राघव ने बताया कि किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले में पॉक्सो एक्ट और गैंगरेप जैसी सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।











