
विधानसभा में बजट सत्र की कार्यवाही के दूसरे दिन नेता सदन और नेता प्रतिपक्ष आमने-सामने हुए। नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव ने महिला अपराध पर सवाल उठाया। अखिलेश ने कहा, ‘सरकार नई बनी है, लेकिन सदन के नेता पुराने हैं। जो सरकार जीरो टॉलरेंस की बात कर रही हो, वहां महिलाएं सुरक्षित नहीं। गोरखपुर में बेटी के साथ दुष्कर्म हुआ। सिद्धार्थनगर में महिला को पुलिस ने मार दिया। सरकार क्या कर रही है? क्या थाने ऐसे अराजकता का केंद्र बन जाएंगे?
सीएम योगी ने नेता प्रतिपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि यूपी में अपराध किसी भी तरह का हो, वह क्षम्य नहीं है। खासतौर पर महिला संबंधी अपराध में सरकार कठोरता से कार्रवाई कर रही है। ये भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। यहां अपराधियों के बारे में ये नहीं कहा जाता कि ‘लड़के हैं गलती कर देते हैं…।’ नेता प्रतिपक्ष ये जानते हैं और स्वीकार करते हैं कि कार्रवाई हुई है।
सदन के सदस्यों के निधन पर जताया शोक
विधानसभा की कार्यवाही में प्रश्न काल के बाद पूर्व में सदन के सदस्यों के निधन पर उनके प्रति शोक संवेदना व्यक्त की गई। सीएम योगी आदित्यनाथ और नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव ने भी शोक जताया। सिंगर लता मंगेश्कर के निधन पर सीएम योगी ने कहा कि 6 फरवरी 2022 को लता मंगेश्कर का निधन हुआ। मैं ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना करता हूं।
नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव ने कहा, ‘लताजी ने न सिर्फ हिंदी बल्कि अंग्रेजी, रशियन सहित और भाषाओं में गाना गाया। शायद इतना गाना कोई नहीं गाया होगा। भारत के जितने भी अवार्ड थे, उन्हें मिला। मैं आज सदन और अपनी पार्टी की तरफ से शोक संवेदना व्यक्त करता हूं।’
अखिलेश ने बच्चों की ड्रेस की क्वालिटी-रेट पर उठाए सवाल
यूपी विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन प्रश्न काल चला। रामपुर खास से विधायक आराधना मिश्रा मोना ने सरकारी स्कूल के बच्चों की ड्रेस, जूते-मोजे और किताब का मुद्दा उठाया। उन्होंने पूछा, परिषदीय स्कूलों में बच्चों को ड्रेस और किताबें समय पर नहीं मिलती हैं। अभिभावकों के खाते में 1100 रुपए भेजे जाते हैं। उसमें दो ड्रेस, जूते, मोजे और किताब-कॉपी मिल पाना बिल्कुल संभव कैसे है। ड्रेस की क्वालिटि और रेट पर अखिलेश ने भी सवाल उठाए।
इसके जवाब में बेसिक शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार 1100 रुपए केवल दो ड्रेस, दो जूते, दो मोजे और बैग के लिए देती है। इसमें किताब और कॉपी शामिल नहीं हैं।
LIVE अपडेट्स
- ओमप्रकाश राजभर ने भी पूर्व में हुए सदस्यों के निधन पर शोक जताया।
- करीब 12:25 बजे प्रश्न काल का समय समाप्त हुआ। पूर्व में सदस्यों के निधन पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने शोक जताया।
- प्राइवेट स्कूलों में मिलने वाली किताबों के रेट फिक्स होने की आवाज उठी। बढ़ती फीस का भी मुद्दा गूंजा।
- प्रसन्न कुमार ने परिषदीय स्कूलों में मिड डे मील की क्वालिटी पर सपा ने सवाल उठाया। जवाब मिला कि क्वालिटी अच्छी है।
आजम आज भी सदन नहीं पहुंचे
सदन की कार्यवाही में आज भी आजम खान नहीं पहुंचे हैं। अपने आवास पर लगातार विधायकों से वह मुलाकात कर रहे हैं। सोमवार शाम को शिवपाल यादव आजम से मिलने पहुंचे थे। करीब 45 मिनट तक दोनों में बातचीत हुई। इसके बाद सपा विधायक फहीम भी आजम खान से मिलने पहुंचे। खबर है कि सपा के तमाम मुस्लिम विधायक आजम खान से मुलाकात कर रहे हैं।
पहले दिन दिखा रंग-बिरंगा नजारा
18वीं विधानसभा के पहले सत्र में रंग-बिरंगा नजारा देखने को मिला। सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों के ही सदस्य अपने ही रंग में थे। सभी अपनी-अपनी पार्टियों के ध्वज के रंग की टोपियां और अंग वस्त्र पहने नजर आए। इस बार विधानसभा की कार्यवाही को डिजिटल बनाया गया है और हर सदस्य के लिए उसकी सीट निर्धारित की गई है। यही नहीं, हर सीट पर एक टैबलेट लगा हुआ है। इसके माध्यम से विधायक सवाल-जवाब की प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।











