
नई दिल्ली। मार्च के आखिरी दिनों में कुदरत के बदले मिजाज ने पूरे उत्तर और मध्य भारत में तबाही मचा रखी है। उत्तर प्रदेश और राजस्थान समेत देश के 20 राज्यों में आज बेमौसम बारिश और आंधी-तूफान का ‘महा-अलर्ट’ जारी किया गया है। जहां पहाड़ों पर ताजा बर्फबारी से पारा गिर गया है, वहीं मैदानी इलाकों में ओलावृष्टि ने किसानों की कमर तोड़ दी है। आलम यह है कि सोलन जैसे शहरों में तापमान सामान्य से 10.2°C तक नीचे लुढ़क गया है।
उत्तर प्रदेश: 46 जिलों में बिजली गिरने की आशंका, फसलों को भारी नुकसान
यूपी में मौसम विभाग ने आज 46 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। बुलंदशहर समेत कई इलाकों में देर रात से ही झमाझम बारिश हो रही है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, अगले 5 दिनों तक यूपी में बेमौसम बरसात का यह दौर जारी रहेगा। इस आपदा ने अन्नदाताओं को खून के आंसू रुला दिए हैं; सरकारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले 15 दिनों में ही 15 हजार किसानों की करीब 4300 हेक्टेयर फसल बर्बाद हो चुकी है।
राजस्थान और एमपी: 25 जिलों में आंधी का शोर, ग्वालियर-चंबल में गिरेंगे ओले
राजस्थान के 25 जिलों में आज धूल भरी आंधी के साथ बारिश की संभावना है, जिनमें से 4 जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है। वहीं मध्य प्रदेश के ग्वालियर और चंबल संभाग (भिंड-दतिया) में ओले गिरने की चेतावनी दी गई है। भोपाल और जबलपुर सहित प्रदेश के बड़े हिस्से में 2 अप्रैल तक बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर आंधी-बारिश का दौर चलता रहेगा।
पहाड़ों पर ‘सफेद आफत’: अटल टनल और कश्मीर की चोटियां बर्फ से ढकीं
हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊपरी इलाकों में जबरदस्त बर्फबारी हो रही है। अटल टनल रोहतांग और लाहौल-स्पीति की पहाड़ियां सफेद चादर से ढक गई हैं। कुल्लू, मंडी और शिमला में आज भारी ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट है। उधर, उत्तराखंड के नैनीताल और उत्तरकाशी में भी बारिश का सिलसिला जारी है, जिससे मैदानी इलाकों की ओर ठंडी हवाएं चल रही हैं।
पंजाब, हरियाणा और दिल्ली: राजधानी में यलो अलर्ट, 50km की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
पंजाब के सभी 23 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 11 जिलों में ओलावृष्टि की आशंका है। दिल्ली-एनसीआर में भी आज आंधी और बारिश का ‘यलो अलर्ट’ है। मौसम विभाग के अनुसार, 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं जनजीवन को प्रभावित कर सकती हैं।
कल कैसा रहेगा मौसम? (31 मार्च का पूर्वानुमान)
31 मार्च को भी राहत के आसार नहीं हैं। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, महाराष्ट्र और गुजरात समेत दक्षिण भारत के केरल व कर्नाटक में हल्की बारिश और बिजली गिरने की आशंका है। बिहार, बंगाल और सिक्किम में तेज आंधी आने की संभावना जताई गई है।












