
भास्कर समाचार सेवा
रामपुर। गुरुवार को मुख्य विकास अधिकारी नंदकिशोर कलाल की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में आयोजित जिला शिक्षा समिति एवं जिला पोषण समिति की बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद में परिषदीय विद्यालयों में कराए जा रहे कायाकल्प के कार्यों और प्राथमिक शिक्षा को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए जरूरी उपाय एवं पोषण प्रबंधन के अंतर्गत आईसीडीएस विभाग द्वारा कुपोषण उन्मूलन के लिए किए जा रहे प्रयासों और विभागीय निर्देशों के अनुपालन की स्थिति के बारे में विस्तार पूर्वक समीक्षा की। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में पढ़ रहे बच्चों को डीबीटी के माध्यम से आर्थिक लाभ तभी प्रदान करना संभव है जब बच्चे का आधार कार्ड हो। उन्होंने कहा कि बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला पंचायत राज अधिकारी व्यक्तिगत रुचि लेकर अभिभावकों को अपने बच्चों का आधार कार्ड अनिवार्य रूप से बनवाने के लिए प्रेरित करें ताकि बच्चों को सरकार द्वारा डीबीटी के माध्यम से ड्रेस आदि के लिए आर्थिक सहायता निर्बाध रूप से प्रदान की जा सके। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में जर्जर कमरों में कक्षाएं संचालित नहीं होनी चाहिए इसके लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारी गंभीरता दिखाए और यदि कहीं जर्जर भवन में कक्षाएं चल रही है तो तत्काल वहां से कक्षाओं का संचालन बंद करके अन्यत्र सुरक्षित स्थान पर संचालन प्रारंभ किया जाए। बच्चे बिना ड्रेस के विद्यालय न आए इसके लिए भी अध्यापकों की यह जिम्मेदारी है कि अभिभावकों को प्रेरित करें।
पोषण प्रबंधन की बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शासन द्वारा निर्धारित ड्राइ राशन के वितरण की व्यवस्था को पारदर्शी प्रक्रिया के साथ प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने पोषण पुनर्वास केंद्र के संचालन और उसमें भर्ती होने वाले बच्चों की स्थिति के बारे में पूछा तथा कहा कि पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती होने योग्य बच्चों को चिन्हित किया जाए और इस केंद्र की उपयोगिता और इससे आमजन को लाभ मिलना चाहिए।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि बच्चों के आधार सीडिंग में प्रदेश में जनपद का तीसरा स्थान है और शासन स्तर से पोषण प्रबंधन के बारे में जारी किए जा रहे निर्देशों का जनपद में गंभीरतापूर्वक पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जिलाधिकारी के निरीक्षण के दौरान ऐसे मामले सामने आए थे जिसमें किसी आंगनबाड़ी की जगह पर अन्य सामान्य महिला कार्य करती हुई मिली थी। जनपद में आंगनबाड़ी केंद्रों पर ऐसी शिकायत नहीं आनी चाहिए अन्यथा आंगनबाड़ी कार्यकत्री और उसके स्थान पर कार्य करने वाली महिला दोनों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी।
बैठक के दौरान जिला विकास अधिकारी अश्वनी कुमार मिश्रा, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी दुर्गा प्रसाद तिवारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कल्पना सिंह सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।














