
भास्कर समाचार सेवा
रामपुर। गुरुवार को मुख्य विकास अधिकारी नंदकिशोर कलाल ने रामपुर शहर में बापू मॉल परिसर में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत जिला मिशन प्रबंधन इकाई द्वारा आयोजित किए जा रहे दिवाली सरस मेले का फीता काटकर शुभारंभ किया।
शुभारंभ के उपरांत मुख्य विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने परिसर में स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉल का भ्रमण किया तथा उनके उत्पादों की विशेषता जानी।
इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया जिसमें स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने विभिन्न लोकगीत और कार्यक्रम प्रस्तुत किए साथ ही विद्यालय के छात्र छात्राओं ने भी देशभक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को प्रस्तुत किया। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि दिवाली मेला स्थानीय छोटे उद्यमियों के लिए अपना व्यवसाय बढ़ाने का अवसर होता है इसमें कारीगरों द्वारा जनपद में ही तैयार हो रहे मिट्टी के दिए और अन्य उत्पादों का स्टॉल लगाकर बिक्री की जा रही है। उन्होंने कहा कि जो उत्पाद जिले में तैयार हो रहे हैं उन्हें जिले में ही बेहतर मार्केट मिले और उत्पादों की मांग बढ़े ताकि छोटे कारोबारियों का भी आर्थिक रूप से सशक्तिकरण हो सके।
उन्होंने कहा कि गाय के गोबर से बने दीए को भी स्वयं सहायता समूह के माध्यम से तैयार कराया जा रहा है ताकि गोबर को वेस्ट के रूप में नहीं बल्कि रिसोर्स के रूप में उपयोग में लाया जा सके और आर्थिक रूप से स्वयं सहायता समूह को मजबूत बनाने की दिशा में गोबर को उपयोगी बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि पर्यावरण के दृष्टिगत सभी लोग इको फ्रेंडली उत्पादों का ही प्रयोग करें।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर जिला विकास अधिकारी अश्वनी कुमार मिश्र, उपायुक्त उद्योग मुकेश कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी दुर्गा प्रसाद तिवारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी प्रदीप कुमार विमल और बेसिक शिक्षा अधिकारी कल्पना सिंह आदि मौजूद रहे।














