
भास्कर समाचार सेवा
हस्तिनापुर। 1970 में पाकिस्तान से हस्तिनापुर आए 63 हिंदू बंगाली परिवारों को मुख्यमंत्री ने पुनर्वास योजना का लाभ दे दिया। मंगलवार को लखनऊ में एक कार्यक्रम में पहुंचे इन परिवारों को यह लाभ मिला। इस मौके पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा, पूर्वी पाकिस्तान-बांग्लादेश से आए हस्तिनापुर में यह गरीब परिवार 1984 में मदन सूत मिल बंद होने के कारण दर-दर की ठोकर खा रहे थे और किसी भी सरकार ने इनकी नहीं सुनी। भाजपा की प्रदेश सरकार ने इनको पुनर्वास देने के लिए एक एक्ट पास किया और जिसमें इन्हें पुनर्वास योजना का लाभ देने के लिए चिन्हित किया गया। उन्होंने कहा कि अब इन्हें पुनर्वास योजना का लाभ देकर इन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने इन 63 परिवारों के मुखियाओं को पुनर्वास योजना के प्रमाण पत्र देकर उन्हें कानपुर के रसूलाबाद में पुनर्वास कराने की बात कही, साथ ही कहा कि इन्हें चिकित्सा सहित अन्य कई योजनाओं का लाभ देकर आत्मनिर्भर बनाया जाएगा। इनके साथ-साथ महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ मिलेगा।












