
सीडीओ ने राजकीय सम्प्रेक्षण गृह का किया निरीक्षण
गंदगी मिलने पर जताई नाराजगी
भास्कर समाचार सेवा
मथुरा: सीडीओ मनीष मीना द्वारा राजकीय सम्प्रेक्षण गृह (शिशु) का निरीक्षण किया गया है। जहां गदंगी मिलने पर सीडीओ ने नाराजगी व्यक्त की। साथ ही प्रभारी अधीक्षक को कड़ी चेतावनी देते हुए व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। साथ ही सीडीओ ने डीआइओएस को राजकीय सम्प्रेक्षण गृ़ह में एक शिक्षक तैनात करने के निर्देश दिए हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई भी ठीक तरह से होती रहे।
बुधवार दोपहर को सीडीओ राजकीय सम्प्रेक्षण गृह पहुंचे। जहां उन्होंने राजकीय सम्प्रेक्षण गृह का निरीक्षण किया। मौके पर जिला प्रोबेशन अधिकारी अनुराग श्याम रस्तोगी, प्रभारी अधीक्षरी राजेश कुमार व अन्य कर्मचारी मिले। निरीक्षण में सीडीओ को राजकीय सम्प्रेक्षण गृह का बाथरूम व पीछे आंगन में गंदगी मिली। जिसको लेकर सीडीओ ने नाराजगी व्यक्त की। साथ ही पानी की टंकी के कारण छत से सीलन आते हुए दिखाई दी। जिसे तत्काल प्रभाव से ठीक कराए जाने के निर्देश दिये गये।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने लोक निमार्ण विभाग को राजकीय सम्प्रेक्षण गृह की बाउण्ड्री बनाये जाने के भी निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने देखा कि बच्चों का रूझान पढ़ाई की ओर है, जिसको लेकर उन्होंने तत्काल प्रभाव से जिला विद्यालय निरीक्षक को फोन किया और एक शिक्षक राजकीय सम्प्रेक्षण गृह (किशोर) में नियुक्त करने के निर्देश दिए। जिसके बाद राजकीय सम्प्रेक्षण गृह में रह रहे बच्चों के चेहरे पर भी खुशी देखने को मिली।













