
भास्कर समाचार सेवा
कासगंज। कासगंज जिले के सिकंदरपुर वैश्य थाना क्षेत्र के गांव में म्याऊ मैं एक आम के पेड़ पर कपड़ा कारोबारी का शव लटका मिला है, खेत पर गए लोगों ने पेड़ पर लटकते शव को देखकर मामले की सूचना पुलिस को दी।
वही गांव के समीप आम के पेड़ पर शव लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई, जानकारी पर रोते बिलखते परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और शव को पेड़ से नीचे उतारा।
सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में ले लिया, पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार सिकंदरपुर वैश्य थाना क्षेत्र के म्याऊ निवासी सुमित पुत्र रामदीन की एटा में रेडिमेड गारमेंट्स की दुकान है, वह 2 दिन पूर्व गांव वापस लौटा था लेकिन शनिवार सुबह गांव के समीप आम के पेड़ पर सुमित का शव लोगों ने लटकता देखा और मामले की सूचना पुलिस को दी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मृतक के गले में गमछे का फंदा बना हुआ था, जिसके चलते परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं जबकि पुलिस प्रथम दृष्टया आत्महत्या मान रही है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक मृतक मानसिक तनाव से जूझ रहा था, मृतक 10 दिन पूर्व एटा में अपनी दुकान बंद करने के बाद दिल्ली, मथुरा, वृंदावन घूम रहा था अब सही कारण जानने के लिए पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
समाचार लिखे जाने तक परिजनों की तरफ से पुलिस को कोई भी तहरीर प्राप्त नहीं हुई थी, थाना प्रभारी आरके शर्मा ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।













