रोहतक नगर के विकास व सौन्दर्यकरण पर करोड़ों रुपये की धनराशि होगी खर्च :- मेयर मनमोहन गोयल


भास्कर समाचार सेवा
रोहतक। नगर निगम के मेयर मनमोहन गोयल ने कहा है कि नगर के विकास व सौंदर्यकरण के लिए करोड़ों रुपए खर्च किए जाएंगे। गोयल आज अपने निवास स्थान पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
मेयर मनमोहन गोयल ने कहा कि नगर के विकास कार्यों को लेकर सरकार के पास प्रस्ताव भेजा जा चुका है। स्वीकृति मिलने के तुरंत बाद विकास कार्यों को आरंभ कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल पहले ही आश्वस्त कर चुके हैं कि विकास कार्यों के लिए सरकार के पास पर्याप्त फंड है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूर्ण पारदर्शी तरीके से कार्य कर रही है। भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया गया है।
मनमोहन गोयल ने कहा कि सफाई कर्मचारियों का 2 माह का रुका हुआ वेतन जारी कर दिया गया है। कर्मचारियों की अन्य मांगों को लेकर सरकार पूर्ण रूप से सकारात्मक है। उन्होंने कर्मचारियों से अपनी हड़ताल को वापस लेने के लिए अपील की और कहा कि बातचीत के माध्यम से हरेक समस्या का समाधान किया जा सकता है। मेयर ने अपने 4 साल के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि नगर निगम ने शहर के विकास के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ी है। रोहतक को देश का नंबर वन शहर बनाने के लिए वे निरंतर प्रयासरत है।
इसके अलावा मेयर ने बताया कि शहर में पीने के पानी की सप्लाई पूरी तरह से दुरस्त है और पीछे से नहरी पानी की सप्लाई न मिलने के कारण पानी के समय में कटौती की गई थी, लेकिन अब कोई समस्या नहीं है। मेयर ने कहा कि उनका यही प्रयास है कि शहर की जनता को किसी प्रकार की दिक्कत न आए और इसके लिए बकायदा निगम अधिकारियों को निर्देश दिए गए है। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि प्रदूषण रहित दिपावली बनाए ताकि वातावरण दूषित न हो।

खबरें और भी हैं...