
किसानों से पराली न जलाने की अपील की
भास्कर समाचार सेवा
जहांगीराबाद। स्थानीय किसान सहकारी चीनी मिल के नवीन पेराई सत्र का शुभारंभ शुक्रवार को विधि विधान से यज्ञ-हवन के साथ हो गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए विधायक संजय शर्मा ने चीनी मिल के गेट पर फीता काटकर किया। इसके बाद विधायक ने मिल गेट पर सबसे पहले बैल गाड़ी व ट्रैक्टर-ट्राली से गन्ना आपूर्ति करने वाले किसानों को सम्मानित किया। विधायक ने दोनों गन्ना किसानों के गन्ने की तौल केन्द्र पर तौल भी अपने समक्ष करवाई। विधायक ने मिल की चेन का बटन दबाकर व चेन में गन्ना डालकर पेराई सत्र का शुभारंभ किया।
क्षेत्र स्थित चीनी मिल में शुक्रवार को पेराई सत्र के शुभारंभ के अवसर पर क्षेत्रीय विधायक संजय शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपने वायदे के मुताबिक जहाँगीराबाद चीनी मिल के गन्ना किसानों का शत-प्रतिशत भुगतान किया है। शासन स्तर पर भी तमाम प्रयास कर चीनी मिल की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने का काम किया जा रहा है। साथ ही विधायक ने पर्यावरण प्रदूषण व मिट्टी की उर्वर शक्ति का हवाला देते हुए पराली न जलाने के लिए क्षेत्र के किसानों से अपील भी की। प्रधान प्रबन्धक राहुल यादव ने कहा कि कर्मचारियों के सहयोग से इस वर्ष यह मिल पूरे प्रदेश मेें कीर्तिमान स्थापित करेगी। साथ ही उन्होंने किसानों से साफ गन्ना आपूर्ति करने की अपील भी की। प्रबंधक प्रबन्धक राहुल यादव ने कहा कि समस्त गन्ना क्रय केन्द्रों के संचालन की समस्त व्यवस्थायें पूर्ण कर ली गई है। गन्ना किसान अपनी शिकायत के लिए चीनी मिल के केन यार्ड में स्थापित कन्ट्रोल रूम पर सूचना दे सकते है। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम अनूपशहर नवीन कुमार ने व संचालन वीरेंद्र तेवतिया ने किया। कार्यक्रम में जिला गन्ना अधिकारी ब्रजेश पटेल, पूर्व चेयरमैन मनोज प्रधान, पूर्व प्रमुख दिनेश चौधरी, पालिकाध्यक्ष डा. सूरजभान माहुर, सीसीओ ब्रह्मप्रकाश, बी के श्रोतिय, सीए ओमप्रकाश, चीफ कैमिस्ट नरेंद्र कुमार, चीफ इंजीनियर एसएस सिंह, भाजपा नगराध्यक्ष रामपाल सिंह लोधी, भाकियू नेता पिंकी खालौर, अरविंद चौधरी डूंगरा जाट, नीरज पहाड़ी व क्षेत्र के गन्ना किसानों सहित मिल के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।














