
बारीपदा (ओडिशा)। ओडिशा के मयूरभंज जिले में रविवार की शाम कुदरत ने ऐसा खौफनाक मंजर दिखाया कि लोग दहल गए। शाम करीब 4 बजे आए भीषण ‘कालबैशाखी’ (नॉरवेस्टर) तूफान ने पूरे इलाके में भारी तबाही मचाई है। महज कुछ ही मिनटों के तांडव में लगभग 200 घर मलबे के ढेर में तब्दील हो गए। इस प्राकृतिक आपदा में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 10 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
हवा में उड़ते दिखे ऑटो और स्कूटर, गांवों में पसरा सन्नाटा
तूफान की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि किआ और कंकड़ा जैसे गांवों में सड़क पर खड़े ऑटो रिक्शा और स्कूटर कागज के टुकड़ों की तरह हवा में उड़ते दिखाई दिए। NH-220 के पास आए इस बवंडर ने देखते ही देखते सैकड़ों पेड़ों और बिजली के खंभों को उखाड़ फेंका, जिससे पूरा इलाका अंधेरे में डूब गया। घायलों को तुरंत केओंझार मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है।
सरकार ने किया मुआवजे का ऐलान, राहत कार्य तेज
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन, दमकल विभाग और पुलिस की टीमें प्रभावित गांवों में पहुंच गई हैं। मलबे के नीचे दबे लोगों को निकालने और रास्तों से गिरे हुए पेड़ों को हटाने का काम युद्ध स्तर पर जारी है। राज्य सरकार ने इस आपदा पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। प्रशासनिक अधिकारी नुकसान का सटीक आकलन करने में जुटे हैं ताकि पीड़ितों को जल्द सहायता मिल सके।
Parts of Sikkim are experiencing strong winds, heavy rainfall and hailstorms. Several areas witnessed intense rain accompanied by hailstones, leading to difficult travel conditions and temporary power disruptions in some places. The India Meteorological Department, Gangtok,… pic.twitter.com/E76AviAW1O
— ANI (@ANI) March 15, 2026
सोमवार को ‘ऑरेंज अलर्ट’: अभी टला नहीं है खतरा
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि मयूरभंज के लोगों के लिए खतरा अभी टला नहीं है। सोमवार के लिए जिले में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है। इसके अलावा सुंदरगढ़, केओंझार, बालासोर और भद्रक जिलों में ‘येलो अलर्ट’ के जरिए लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले 24 घंटों में इन क्षेत्रों में ओलावृष्टि, बिजली गिरने और 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है।
सिक्किम में भी बिगड़े हालात, बर्फबारी की संभावना
ओडिशा के अलावा उत्तर-पूर्वी राज्य सिक्किम में भी मौसम का मिजाज काफी बिगड़ा हुआ है। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) के कारण गंगटोक समेत कई इलाकों में भारी बारिश और ओलावृष्टि हो रही है। मौसम विभाग ने मंगन और पाक्योंग जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 17 मार्च तक बर्फबारी और तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है।














