विधिपुर में डेंगू की दस्तक, छात्रा की मौत

-गांव में एक दर्जन से अधिक लोग बीमार

भास्कर समाचार सेवा
जहाँगीराबाद। कोतवाली क्षेत्र के गांव विधिपुर में 20 वर्षीय छात्रा की डेंगू से मौत का मामला सामने आया है। छात्रा की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है। वहीं गांव में डेंगू की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। वहीं गांव में अब भी बड़ी संख्या में लोग बीमार पड़े हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक विधिपुर निवासी बिजेंद्र की पुत्री रिंकी (20) पिछले चार दिनों से बुखार से पीड़ित थी। बुखार से पीड़ित छात्रा को परिजनों ने एक निजी चिकित्सक को दिखाया था। हालत में सुधार न होने पर परिजन छात्रा को नोएडा के एक निजी अस्पताल में ले गए। नोएडा के अस्पताल में उपचार के दौरान छात्रा ने दम तोड़ दिया। रिंकी की मौत का समाचार सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि गांव में अभी लगभग एक दर्जन से अधिक लोग बुखार से पीड़ित हैं। सोमवार को परिजनों ने गमगीन माहौल में गांव के श्मशान घाट पर ही रिंकी का अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं स्वास्थ्य विभाग भी छात्रा की मौत के बाद गांव में कैम्प लगाने की बात कह रहा है।

वर्जन
गांव में कैम्प लगाकर जांच की जाएगी। बुखार से पीड़ित होने पर नजदीकी सरकारी अस्पताल या पंजीकृत चिकित्सक से ही परामर्श लें।

डॉ आशीष मुद्गल, सीएचसी प्रभारी, जहाँगीराबाद।

खबरें और भी हैं...