धनसिंह कोतवाल के अंदर उनकी माता ने पैदा किया देशभक्ति का जज्बा: सिम्मी भाटी

जन्मोत्सव सप्ताह के दौरान मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद मंडल में हुए संगीत एवं महिला संगोष्ठी कार्यक्रम

भास्कर समाचार सेवा
मेरठ। 1857 की क्रांति के नायक धनसिंह कोतवाल महिला शोध समूह मेरठ द्वारा मेरठ, सहारनपुर तथा मुरादाबाद मंडल में विभिन्न स्थानों पर क्रांति नायक धनसिंह कोतवाल के जन्मोत्सव सप्ताह के दौरान महिला संगीत एवं महिला संगोष्ठी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

महिला शोध समूह की अध्यक्षा सिम्मी सिंह भाटी ने अपने उद्बोधन में कहा, धनसिंह को क्रांतिनायक धनसिंह कोतवाल बनाने वाली उनकी माता मनभरी थी। माता मनभरी ने ही उनके अंदर देश प्रेम के जज्बे को विकसित किया तथा पिता सालगराम उर्फ जोधा (योद्धा) सिंह ने अन्याय के खिलाफ डटकर सामना करने का संकल्प दिया, जिससे प्रेरित होकर धनसिंह कोतवाल ने अंग्रेजों के खिलाफ युद्ध किया। कार्यक्रम में वक्ता मंजू ठाकुर ने अपने उद्बोधन में क्रांति नायक धनसिंह कोतवाल के जीवन की संघर्ष गाथा एवं क्रांति में क्रांतिनायक धनसिंह कोतवाल के परिवार की महिलाओं को किन-किन कष्टों का सामना करना पड़ा, कैसे 4 जुलाई 1857 को जब अंग्रेजों ने तोपों से आक्रमण किया तो महिलाओं ने अपने छोटे बच्चों को घागरों तक में किस प्रकार छुपाना पड़ा, इस पर प्रकाश डाला। कयामपुर की प्रधान मीनू चौधरी ने अपने उद्बोधन में कहा, शहीद धनसिंह कोतवाल का जीवन प्रेरणादायक है। हमें अपने बच्चों में देश प्रेम की भावना भरनी चाहिए। मंजू नागर ने सरकार से धन सिंह कोतवाल के लिए 5 सूत्री मांग को दोहराया।

घर-घर एक दीप जलाने का आह्वान
महिला शोध समूह की अध्यक्षा सिम्मी सिंह भाटी एवं वक्ता मंजू ठाकुर ने सभी महिलाओं को क्रांति नायक धनसिंह कोतवाल के जन्मोत्सव सप्ताह के दौरान होने वाले कार्यक्रम वृक्षारोपण, अपने-अपने घर एक दीप जलाएंगे तथा अन्य घर-घर एक दीप जलाने का आह्वान अपने स्तर पर करने का संकल्प दिया।

यहां-यहां हुए कार्यक्रम
पहले दिन कार्यक्रम मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद मंडल के टीटोड़ा, मंडोरा, काजीपुर, कयामपुर, बुडेडा, रसूलपुर गुजरान, मीरगपुर, दूधखेड़ी कमहेडा, बहादुरगढ़, भटियाना, खुशहालपुर, सुहागपुरआदि गांवों में किए गए।

खबरें और भी हैं...