जिला स्तरीय आधार अनुश्रवण समिति की बैठक हुई संपन्न

आधार अपडेट के लिए विशेष अभियान चल रहा है

सीडीओ ने सम्बन्धित अधिकारियों को लाभार्थियों के आधार शीघ्र अपडेटेशन कराने का निर्देश

अन्यथा उनके विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जायेगी

भास्कर समाचार सेवा

आगरा। मुख्य विकास अधिकारी  ए0 मनिकन्डन  की अध्यक्षता में जिला स्तरीय आधार अनुश्रवण समिति की बैठक विकास भवन सभागार में सम्पन्न हुई।इस बैठक में सीडीओ ने सम्बन्धित अधिकारियों को लाभार्थियों के आधार शीघ्र अपडेटेशन कराने का निर्देश दिये है ,अन्यथा उनके विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जायेगी।  इस बारे में जानकारी देते हुए आगरा के मुख्य विकास अधिकारी  ए0 मनिकन्डन ने बताया कि आधार अपडेट के लिए जनपद में भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण, क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा आगरा में विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। जिसमें ऐसे व्यक्ति जिनका आधार कार्ड बने हुए 10 वर्ष या उससे अधिक हो गए हैं, वो अपने नजदीकी आधार केन्द्र पर जाकर आधार अपडेट अवश्य करा लें। इस हेतु विशेष कैम्पों का आयोजन किया जा रहा है।  उन्होंने बताया गया कि आधार एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है, इसके माध्यम से केन्द्र व राज्य सरकार की सभी योजनाओं का लाभ मिलता है। आधार अपडेटेशन में नाम, जन्मतिथि, पता व मोबाईल नम्बर के प्रमाण पत्रों को साथ लेकर नजदीकी आधार केन्द्र जाकर अपडेट कराया जा सकता है, इसके लिये निर्धारित शुल्क 50 रू0 है। जनपद में आधार नामांकन और अपडेट करने हेतु लगभग 297 अधार नामांकन और अपडेट मशीन कार्यरत हैं। इनके द्वारा पिछले एक महीने के दौरान लगभग 10.96 हजार नये आधार नामांकन और लगभग 32.01 हजार आधार अपडेट किये गये हैं।  मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि समाज कल्याण विभाग, जिला कार्यक्रम अधिकारी, दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये गये हूं कि सभी विभाग अपने विभाग से सम्बन्धित लाभार्थियों के आधार अपडेटेशन का कार्य यथाशीघ्र पूर्ण करायें, अन्यथा उनके विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जायेगी।  उन्होंने बताया कि जनपद में फैमिलि आईडी बनाने का प्रोजेक्ट भी चल रहा है, जिसमें एक परिवार को एक आईडी आवंटित की जायेगी, उसी में परिवार के अन्य सदस्यों का आधार कार्ड के आधार पर विवरण दर्ज किया जायेगा तथा उसी माध्यम से सरकार की सभी सुविधायें मुहैया करायी जायेंगी। बैठक में बताया गया कि अगर आधार में पहचान के दस्तावेज तथा पते के दस्तावेज अपडेटेड हैं तो सर्विसेज डिलिवरी में ज्यादा समन्वय व पारदर्शिता आयेगी। मुख्य विकास अधिकारी महोदय ने 0 से 05 वर्ष के बच्चों के आधार कार्ड बनाने के कार्य में शिथिलता पाये जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की तथा निर्देशित किया कि उक्त कार्य को आधार अपग्रेडेटेशन के अभियान के अन्तर्गत शीघ्र पूर्ण कराया जाये। 

खबरें और भी हैं...