जिलाधिकारी ने की पेट परीक्षा को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक

भास्कर समाचार सेवा
मुजफ्फरनगर। उoप्रo अधीनस्थ सेवा चयन आयोग लखनऊ द्वारा आयोजित प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा 2022 की लिखित परीक्षा को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की जिसमें नकलविहीन एवं शांतिपूर्वक तरीके से परीक्षा को संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित चौधरी चरण सिंह सभागार में जिलाधिकारी चंद्र भूषण सिंह की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया जिसका संचालन जिला विद्यालय निरीक्षक गजेन्द्र कुमार ने किया। बैठक में जिलाधिकारी चन्द्रभूषण सिंह ने 15 व 16 अक्तूबर को उ0प्र0 अधीनस्थ सेवा चयन आयोग लखनऊ द्वारा आयोजित होने वाली प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा 2022 की लिखित परीक्षा को लेकर सभी जोनल मजिस्ट्रेट, सैक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेट व परीक्षा केन्द्र अधीक्षक को पूरी जिम्मेदारी के साथ परीक्षा को नकलविहीन एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के निर्देश दिए। अपर जिला मजिस्ट्रेट (प्रशासन) / नोडल अधिकारी नरेन्द्र बहादुर सिंह ने बताया कि लिखित परीक्षा के लिए जनपद में 24 परीक्षा केन्द्र बनाये गये हैं, जिनमें 12288 अभ्यर्थियों द्वारा चारों पालियों में दोनों दिन परीक्षा देंगे। लिखित परीक्षा में प्रत्येक 03 परीक्षा केन्द्रों पर एक सैक्टर मजिस्ट्रेट व 08 सैक्टर मजिस्ट्रेट तथा 24 स्टेटिक मजिस्ट्रेट होंगे। सम्पूर्ण परीक्षा की जिम्मेदारी केन्द्र अधीक्षक, स्टेटिक मजिस्ट्रेक एवं एजेन्सी की होगी। परीक्षार्थियों को प्रथम पाली में अधिकतम् प्रातः 09:30 बजे तक तथा द्वितीय पाली में अधिकतम् दोपहर 02:30 बजे तक ही परीक्षा केन्द्र पर प्रवेश दिया जा सकेगा। परीक्षार्थी के चेहरे की पहचान तथा गहन तलाशी परीक्षा केन्द्र के मुख्य द्वार पर ही की जाएगी। बैठक में अपर जिला मजिस्ट्रेट (वित्त एवं राज0), एस०पी० सिटी, जोनल मजिस्ट्रेट, सैक्टर मजिस्ट्रेट तथा स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केन्द्र अधीक्षक संबंधित अधिकारी आदि मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...